साथी शिक्षक पर हत्या का आरोप, CCTV और VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट से पुलिस को मिला अहम सुराग
रायपुर। आरंग थाना क्षेत्र के बनचरौदा के पास शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर की हत्या की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, हत्या मृतक के साथी शिक्षक चंद्रप्रकाश वर्मा ने की। दोनों एक ही स्कूल में शिक्षक थे और उनके बीच करीब 30 लाख रुपये के लेन-देन और ब्याज को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, 17 सितंबर को बनचरौदा के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना आरंग पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रामपुर डंगनिया निवासी 46 वर्षीय शिवकुमार चंद्राकर के रूप में की। मृतक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक, डॉग स्क्वायड और साइबर टीम को जांच में लगाया गया।
जांच के दौरान ग्रामीणों और एक चरवाहे से पुलिस को जानकारी मिली कि शिवकुमार को घटना से पहले चंद्रप्रकाश वर्मा के साथ सफेद स्कूटी पर बनचरौदा की ओर जाते देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने कुम्हारी स्कूल के CCTV फुटेज के साथ शिक्षा विभाग के VSK ऐप की लॉग रिपोर्ट खंगाली। इन साक्ष्यों से चंद्रप्रकाश की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने शिवकुमार को करीब 30 लाख रुपये दिए थे और इस रकम पर ब्याज लिया जाता था। पिछले करीब तीन महीने से ब्याज नहीं मिलने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर शिवकुमार पर धारदार हथियार से हमला किया और बाद में हथौड़े से सिर व चेहरे पर वार किए।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्कूटी, हथियार, हथौड़ा, तीन ब्लैंक चेक, दोनों के मोबाइल फोन और घटना के समय पहने गए खून लगे कपड़े व जूते बरामद करने की जानकारी दी है। मामले की आगे जांच जारी है।














