अमरकंटक चौक का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला के अमरकंटक चौक में सड़क किनारे जन्मदिन समारोह आयोजित कर कथित तौर पर यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इनमें भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के जीपीएम जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे उर्फ सिद्धू भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की रात करीब 11:42 बजे सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो की जानकारी मिली। वीडियो में सिद्धार्थ दुबे को फेसबुक लाइव करते हुए देखा गया। पुलिस के मुताबिक अमरकंटक चौक पर सड़क किनारे जन्मदिन समारोह के लिए मंच लगाया गया था और बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे।
समारोह के दौरान सड़क किनारे कई वाहन खड़े होने और भीड़ जुटने से सार्वजनिक मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। इससे आम लोगों को परेशानी होने की बात पुलिस ने कही है।
वीडियो सामने आने के बाद गौरेला पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 0414/26 दर्ज किया। एफआईआर में सिद्धार्थ दुबे उर्फ सिद्धू, मौसम ताम्रकार, ऋतुराज अग्रवाल और एक अन्य व्यक्ति को आरोपी बनाया गया है। मामला BNS की धारा 285 और 3(5) के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस अब समारोह के दौरान यातायात पर पड़े प्रभाव और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
सिद्धार्थ दुबे, गौरेला नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे के भतीजे बताए गए हैं। मुकेश दुबे भाजपा प्रत्याशी के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे।














