बिना टिकट और अनियमित यात्रा के खिलाफ बिलासपुर, रायपुर व नागपुर मंडल में अभियान जारी

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ सघन जांच अभियान तेज कर दिया है। इसके साथ ही बिना उचित प्राधिकार या निर्धारित नियमों के विरुद्ध सामान और लगेज लेकर यात्रा करने वालों की भी जांच की जा रही है।

1 से 20 सितंबर 2026 तक बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडल में चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियानों के दौरान रेलवे ने कुल 43,710 मामलों में कार्रवाई की। इन मामलों से रेलवे को 3 करोड़ 13 लाख 15 हजार 499 रुपये की आय हुई।

ट्रेनों और प्रमुख स्टेशनों पर जांच

रेलवे के टिकट जांच दल प्रमुख स्टेशनों के साथ विभिन्न ट्रेनों में भी नियमित जांच कर रहे हैं। बिना टिकट, अनियमित टिकट अथवा बिना उचित यात्रा प्राधिकार के सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

रेलवे का कहना है कि अभियान का उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए जागरूक करना और रेल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

यात्रियों से वैध टिकट लेने की अपील

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले उचित और वैध टिकट लेने की अपील की है। यात्रा के दौरान टिकट या यात्रा प्राधिकार को सुरक्षित रखने के लिए भी कहा गया है।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में नियमानुसार अतिरिक्त किराया और जुर्माना वसूला जा सकता है। यात्रियों की सुविधा, रेल राजस्व की सुरक्षा और नियमों के अनुरूप यात्रा सुनिश्चित करने के लिए टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here