वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की पहचान मजबूत करने की तैयारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश के नए अवसरों से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने प्रयास तेज किए हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को सिंगापुर पहुंचे। भारत के सिंगापुर स्थित उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने उनका स्वागत किया।

केंद्रीय विदेश मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ को पहली बार आयोजित हो रहे SING Forum 2026 में भागीदारी के लिए नामित किया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ अपनी विकास यात्रा, आर्थिक क्षमता और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखेगा।

निवेशकों से चर्चा करेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री साय SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरान वे सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ CEO Roundtable में शामिल होंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों पर चर्चा होगी।

राज्य सरकार के अनुसार नई औद्योगिक नीति, प्राकृतिक संसाधनों, बुनियादी ढांचे, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों में मौजूद संभावनाओं को निवेश के लिए प्रमुख आधार के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

SING Forum 2026 में मुख्यमंत्री की भागीदारी के जरिए राज्य को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने अपनी विकास क्षमता और निवेश संभावनाएं प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here