DM टावर के सामने काले स्कॉर्पियो से पहुंचे तीन युवकों ने जबरन वाहन में बैठाया

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र के रावांभाठा स्थित औद्योगिक इलाके में दिनदहाड़े ट्रांसपोर्ट कारोबारी के अपहरण की घटना से हड़कंप मच गया। काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे तीन अज्ञात युवकों ने डीएम टावर के सामने से ट्रांसपोर्ट कारोबारी प्रतीक राय को जबरन वाहन में बैठाया और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने संभावित रास्तों पर नाकेबंदी कर तलाश शुरू की। देर रात पुलिस ने कारोबारी को अपहरणकर्ताओं के कब्जे से सुरक्षित छुड़ा लिया।

घर से नीचे बुलाकर वाहन में बैठाया

पुलिस के अनुसार घटना दोपहर करीब 2:28 बजे की है। प्रतीक राय लंच करने के लिए रावांभाठा स्थित डीएम टावर में अपने फ्लैट पहुंचे थे। इसी दौरान एक काली स्कॉर्पियो वहां आकर रुकी। उसमें सवार तीन युवक उनके घर पहुंचे और किसी जरूरी काम से बातचीत करने की बात कहकर उन्हें नीचे बुलाया।

प्रतीक राय नीचे आए तो कुछ देर तक युवकों से बातचीत हुई। इसके बाद तीनों ने अचानक उन्हें जबरन वाहन में बैठाया और स्कॉर्पियो लेकर वहां से निकल गए।

मोबाइल बंद होने से परिवार में चिंता

घटना के बाद प्रतीक राय का मोबाइल फोन बंद हो गया। काफी देर तक उनसे संपर्क नहीं होने पर परिवार चिंतित हो गया। उनकी पत्नी अनिता राय खमतराई थाना पहुंचीं और पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

कॉल डिटेल और CCTV से सुराग

जांच के दौरान कॉलोनी के एक युवक ने पुलिस को बताया कि वह स्कॉर्पियो में सवार दो युवकों के मोबाइल नंबर जानता है। पुलिस ने दोनों नंबरों की कॉल डिटेल और टावर लोकेशन की जांच शुरू की। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर स्कॉर्पियो के पंजीयन नंबर का पता लगाया गया।

पुलिस ने इन सुरागों के आधार पर संभावित ठिकानों और रास्तों पर तलाश तेज की और देर रात कारोबारी को सुरक्षित बरामद कर लिया।

प्रारंभिक जांच में मामला ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े आर्थिक लेनदेन के विवाद से जुड़ा होने की बात सामने आई है। हालांकि अपहरण की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here