बच्चों के चाचा और चचेरा भाई भी डूबे, दशहरे की छुट्टियों में

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के सरस्वतीपुर में शनिवार को रेण नदी में नहाने के दौरान एक ही परिवार के चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो नाबालिग सगे भाई, उनका 20 वर्षीय चचेरा भाई और 45 वर्षीय चाचा शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में शोक फैल गया।

गहरे पानी में चले गए दोनों भाई

जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी गोपाल (13) और कृष्ण गोपाल (15) दशहरे की छुट्टियों में सूरजपुर स्थित अपने रिश्तेदार के घर आए थे। शनिवार को दोनों अपने चाचा विवेक सिंह (45) और चचेरे भाई अभिजीत (20) के साथ सरस्वतीपुर स्थित रेण नदी में नहाने पहुंचे थे।

नहाते समय दोनों भाई अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए अभिजीत और विवेक सिंह भी नदी में कूद पड़े। पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण चारों संभल नहीं सके और उनकी डूबने से मौत हो गई।

ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने बचाव की कोशिश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से नदी से दो शव निकाले गए। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान तेज किया। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम ने भी अभियान में हिस्सा लिया। काफी मशक्कत के बाद चारों के शव बरामद कर लिए गए।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

मृतकों की पहचान गोपाल (13), कृष्ण गोपाल (15), अभिजीत (20) और विवेक सिंह (45) के रूप में हुई है। दोनों नाबालिग भाई बिहार के रहने वाले थे, जबकि अभिजीत और विवेक सिंह सूरजपुर के निवासी थे।

विश्रामपुर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

नदी में नहाने को लेकर प्रशासन की अपील

हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से नदी में नहाते समय सावधानी बरतने की अपील की है। तहसीलदार सूर्यकांत साय ने कहा कि लोगों को नदी के जोखिम और पानी की स्थिति की जानकारी के बिना नहाने के लिए नहीं उतरना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here