तिफरा में ई-रिक्शा को टक्कर के बाद बढ़ा विवाद, वायरल वीडियो के आधार पर लोगों की पहचान में जुटी पुलिस

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग एक्सीडेंट के बाद कार सवार युवक और युवती के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

ई-रिक्शा को टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो दो से तीन दिन पुराना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तिफरा क्षेत्र में एक कार सवार युवक और युवती ने सवारी से भरे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर विवाद बढ़ गया।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद कार के अंदर युवक और युवती को आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा भड़क गया। इसके बाद कुछ लोगों ने कार को घेर लिया और दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना का किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।

शिकायत नहीं, वीडियो के आधार पर जांच

पुलिस के अनुसार, मामले में अभी तक किसी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं की गई है। इसके बावजूद वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर उसकी सत्यता और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान करने के साथ ही घटना के वास्तविक कारणों का भी पता लगा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here