अन्नप्राशन और गोदभराई की रस्में हुईं, पोषण पर हुई चर्चा
मुंगेली। सेवा संकल्प अभियान के तहत लोरमी में आयोजित आंगन मिलन उत्सव में उपमुख्यमंत्री अरुण साव बच्चों के साथ समय बिताते नजर आए। उन्होंने फर्श पर बैठकर बच्चों के साथ खेल खेला और उनसे बातचीत की। आंगनबाड़ी परिसर में बच्चों की कविताओं और गीतों की प्रस्तुतियों से माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
कार्यक्रम में अन्नप्राशन और गोदभराई की रस्में भी कराई गईं। आंगनबाड़ी परियोजना अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया।
बच्चों ने सुनाए गीत, कविताएं पढ़ीं
आंगन मिलन उत्सव में बच्चों ने ‘लाल टमाटर बड़े मजेदार’, ‘आंगनवाड़ी जाएंगे’ और ‘आलू कचालू बेटे कहां गए थे’ जैसे गीत प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों के दौरान आंगनबाड़ी परिसर में हंसी-खुशी का माहौल रहा।
कार्यक्रम के दौरान सुपोषण चौपाल का भी आयोजन किया गया। इसमें बच्चों और माताओं के पोषण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
हर घर मुनगा अभियान पर जोर
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित बचपन मजबूत भविष्य की बुनियाद है। राज्य सरकार हर परिवार तक पोषण का संदेश पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि पोषण को लेकर परिवार और समाज की भागीदारी भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर पोषण देने की जिम्मेदारी केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है। परिवार और समाज के सहयोग से ही इसके बेहतर परिणाम सामने आ सकते हैं।
साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस पहल का उल्लेख किया है।














