बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत मध्य प्रदेश में रेलवे नेटवर्क को सशक्त बनाने के उद्देश्य से अनुपपुर-कटनी तीसरी रेल लाइन परियोजना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। 165.52 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के तहत अंतिम खंड, बीरसिंहपुर-नौरोजाबाद-करकेली-उमरिया (29.52 किमी) की सीआरएस निरीक्षण प्रक्रिया 31 मार्च 2025 को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। अब इस सेक्शन में पेंड्रारोड से कटनी तक तीसरी रेल लाइन उपलब्ध हो गई है।

परियोजना के प्रमुख लाभ:

✔ अधिक ट्रेनों का संचालन – नई रेल लाइन के निर्माण से अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन संभव होगा, जिससे यात्रियों की सुविधाएं बढ़ेंगी और यात्रा अधिक सुगम होगी।

✔ बेहतर यात्रा अनुभव – ट्रेनों की गति में सुधार से यात्रा का समय कम होगा, जिससे व्यापारिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा।

✔ संरक्षा में सुधार – अत्याधुनिक सिग्नलिंग और ट्रैक संरचना से यात्रा अधिक सुरक्षित होगी और ट्रेनों का संचालन निर्बाध रूप से हो सकेगा।

✔ पर्यटन को बढ़ावा – यह परियोजना बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान और अन्य पर्यटन स्थलों तक पहुंच को सरल बनाएगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ मिलेगा।

परियोजना का संक्षिप्त विवरण:

  • कुल लंबाई: 165.52 किमी
  • स्वीकृत लागत: ₹2311.02 करोड़
  • कुल स्टेशन: 17 (1 जंक्शन स्टेशन: अनुपपुर)
  • यात्री हॉल्ट: 2 (सिंहपुर, विलायतकलां)
  • बड़े पुल: 27
  • छोटे पुल: 108
  • रेलवे ओवर ब्रिज: 1
  • रेलवे अंडर ब्रिज: 16

रेलवे महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने इस परियोजना की सफलता पर निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारियों को बधाई दी और उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। उन्होंने इस परियोजना को रेलवे विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और भविष्य में भी इसी प्रकार की उत्कृष्ट कार्यशैली बनाए रखने का आह्वान किया।

इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को न केवल बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि रेलवे संचालन में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here