चीन में भारतीय टीम की जीत में छत्तीसगढ़ की बेटियों का दमदार योगदान

बहतराई हॉकी अकादमी की दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाया हुनर

बिलासपुर, 17 सितंबर। चीन के मोकी में आयोजित जूनियर महिला हॉकी एशिया कप में भारतीय टीम की जीत में छत्तीसगढ़ की दो बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया। बिलासपुर के बहतराई स्थित राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र की आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण ले रहीं गीता यादव और मधु सिदार ने पूरे टूर्नामेंट में प्रभावशाली खेल दिखाते हुए चार-चार गोल किए।

दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने न केवल भारतीय टीम की आक्रमण पंक्ति को मजबूती दी, बल्कि बिलासपुर की आवासीय हॉकी अकादमी और छत्तीसगढ़ को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई।

दक्षिण कोरिया से पाकिस्तान तक बरकरार रहा गोल का सिलसिला

टूर्नामेंट के दौरान दोनों खिलाड़ियों ने अलग-अलग मुकाबलों में अपनी छाप छोड़ी। दक्षिण कोरिया के खिलाफ मधु सिदार ने एक गोल कर भारतीय टीम की जीत में योगदान दिया।

इसके बाद मलेशिया के खिलाफ भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11-1 से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में गीता यादव ने दो गोल दागे और भारतीय आक्रमण को धार दी।

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन और भी प्रभावी रहा। भारत ने इस मैच में 19-0 से बड़ी जीत दर्ज की। गीता यादव और मधु सिदार ने इस मुकाबले में दो-दो गोल किए। पूरे टूर्नामेंट में दोनों के खाते में चार-चार गोल रहे।

अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकीं बहतराई अकादमी की खिलाड़ी

गीता यादव और मधु सिदार दोनों बहतराई स्थित खेल एवं युवा कल्याण विभाग की आवासीय हॉकी अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन को अकादमी के प्रशिक्षण और खिलाड़ियों की मेहनत की उपलब्धि के तौर पर भी देखा जा रहा है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने खेल से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर बिलासपुर आवासीय हॉकी अकादमी के वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो, खेलो इंडिया एक्सीलेंस सेंटर बिलासपुर के हाई-परफॉर्मेंस मैनेजर कुलदीप बराड़ और बिलासपुर के खेल अधिकारी सुशील भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here