बिलासपुर। सड़क के बीच कार खड़ी कर जन्मदिन मनाने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला बिलासपुर का निकला है। पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि घटना बिलासपुर के रिवर व्यू रोड की है। सिविल लाइन पुलिस ने वाहन क्रमांक सीजी-04-एनवाई-1910 के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सड़क पर कार खड़ी कर काटा केक
वायरल वीडियो में कार की डिक्की खुली दिखाई दे रही है। उसमें केक और जन्मदिन से जुड़ा एक बोर्ड रखा है। मौके पर मौजूद कुछ लोग सलमान खान की फिल्म के लोकप्रिय गीत ‘ओ ओ जाने जाना’ पर सोशल मीडिया रील बनाते भी नजर आ रहे हैं। इसी दौरान एक युवक सड़क पर आतिशबाजी करने की तैयारी करता दिखाई देता है।
सड़क के बीच इस तरह आयोजन करने से यातायात बाधित होने और दुर्घटना का खतरा पैदा होने की बात सामने आई है।
अभनपुर के नायब तहसीलदार का नाम आया सामने
वीडियो के साथ नायब तहसीलदार विपिन पटेल का नाम सामने आने के बाद इसे रायपुर का बताया जा रहा था, क्योंकि उनकी पदस्थापना रायपुर जिले के अभनपुर में है। हालांकि, पुलिस जांच में आयोजन का स्थान बिलासपुर का रिवर व्यू रोड पाया गया।
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस के अनुसार, सरजू बगीचा निवासी अमित साहू (35) ने शिकायत में बताया कि 18 और 19 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब एक बजे वह रिवर व्यू रोड से घर लौट रहे थे। इस दौरान सड़क के बीच कार खड़ी कर जन्मदिन मनाया जा रहा था, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा था और दुर्घटना की आशंका थी।
अमित साहू ने 23 अक्टूबर को सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी। इसके बाद पुलिस ने संबंधित वाहन के मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सड़क पर जश्न मनाने को लेकर हाईकोर्ट के निर्देश
सार्वजनिक सड़कों पर केक काटने, आतिशबाजी करने और यातायात बाधित करने जैसी घटनाओं पर हाईकोर्ट पहले भी सख्त रुख अपना चुका है। अदालत ने ऐसे मामलों में कार्रवाई करने और दोषियों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के संबंध में राज्य सरकार और पुलिस को निर्देश दिए थे।
सड़क को निजी आयोजन स्थल की तरह इस्तेमाल करने की ऐसी घटनाएं आम लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करती हैं।













