रातभर चले SDRF के तलाशी अभियान के बाद तीनों बच्चों की तलाश पूरी
बिलासपुर, 23 अगस्त। (टेकचंद कारड़ा) तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत समडील में घोंघा नदी में बह गए तीन मासूम बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटते समय नदी पार करने के दौरान अचानक तेज बहाव में तीनों बच्चे बह गए थे। हादसे के बाद कल शाम से शुरू हुआ SDRF का लगातार तलाशी अभियान आज सुबह तीनों शव मिलने के साथ पूरा हुआ।
जानकारी के अनुसार, समडील निवासी 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल स्कूल से घर लौट रहे थे। घर पहुंचने के लिए बच्चों ने नदी के रास्ते शॉर्टकट अपनाया। इसी दौरान घोंघा नदी में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और तीनों बच्चे उसकी चपेट में आकर बह गए।
हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों के साथ पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और बच्चों की तलाश शुरू की। बाद में SDRF की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने नदी में लगातार तलाशी अभियान चलाया। एक बच्चे का शव कल ही बरामद कर लिया गया था, जबकि दो अन्य बच्चों की तलाश रातभर जारी रही।
आज सुबह SDRF को दोनों लापता बच्चों के शव भी मिल गए। इसके साथ ही नदी में बह गए तीनों बच्चों की तलाश पूरी हो गई।
बताया गया है कि तीनों बच्चे आपस में पारिवारिक रूप से जुड़े थे और दो सगे भाइयों के बच्चे थे। अनमोल KG-2 में पढ़ता था, जबकि स्तुति और शिक्षा कक्षा 3 की छात्राएं थीं। स्कूल से घर लौटते समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया है।
तीनों बच्चों की मौत की खबर मिलते ही समडील गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बच्चों की एक साथ मौत से गांव में मातम पसरा है और ग्रामीण इस दुखद घटना से गहरे सदमे में हैं।














