महिलाओं की प्रतिभा को मिला मंच, विजेताओं और निर्णायकों का सम्मान; दो दिनों तक छाया रहा सांस्कृतिक उत्सव

बिलासपुर। एसईसीएल मुख्यालय में श्रद्धा महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘SECL नारी राग-रंग महोत्सव 2026’ का शनिवार को भव्य समापन हुआ। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, उत्साहपूर्ण माहौल और प्रतिभागियों के शानदार प्रदर्शन के बीच कार्यक्रम ने महिलाओं की रचनात्मकता और प्रतिभा को नई पहचान दी।

समापन समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरिश दुहन और श्रद्धा महिला मंडल की अध्यक्ष शशि दुहन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं एसईसीएल के निदेशक (कार्मिक) बिरंची दास तथा श्रद्धा महिला मंडल की उपाध्यक्ष अनीता फ्रैंकलिन, इप्सिता दास और शुभा महापात्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में श्रद्धा महिला मंडल की पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, एसईसीएल कर्मचारी और उनके परिजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

दूसरे दिन प्रतिभाओं का दिखा शानदार प्रदर्शन

महोत्सव के दूसरे दिन समूह गायन, समूह नृत्य, स्टैंडअप कॉमेडी, मिमिक्री तथा नाटक एवं स्किट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और खूब सराहना बटोरी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान मंच पर लोक संस्कृति, हास्य और कला का सुंदर संगम देखने को मिला। पूरे आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का विशेष माहौल बना रहा।

महिलाओं के आत्मविश्वास को नई उड़ान

अपने संबोधन में हरिश दुहन ने कहा कि नारी राग-रंग महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं के भीतर छिपी प्रतिभाओं को एक प्रभावी मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों के उत्साह और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों ने यह साबित कर दिया है कि यह पहल अपने उद्देश्य में सफल रही है।

उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सृजनशीलता को प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों का सिलसिला जारी रहेगा।

विजेताओं और निर्णायकों का हुआ सम्मान

समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही प्रतियोगिताओं के सफल संचालन और निष्पक्ष मूल्यांकन में योगदान देने वाले निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया।

दो दिनों तक चले इस महोत्सव ने महिलाओं को अपनी कला, अभिव्यक्ति और रचनात्मक सोच को प्रदर्शित करने का अवसर दिया। आयोजन ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देने के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नई ऊंचाई प्रदान की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here