नशे में धुत युवक ने किया चाकू से सीने पर कई वार, अस्पताल में इलाज शुरू होने से पहले ही मौत
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी गांव में गणेश पंडाल के पास डीजे की आवाज को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नशे की हालत में बताए जा रहे एक युवक ने दूसरे युवक पर चाकू से हमला कर दिया। सीने पर चार-पांच वार से गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। संबलपुरी गांव में राशन दुकान के सामने गणेश पंडाल लगाया गया है। यहां 22 वर्षीय आकाश सूर्यवंशी, पिता अंशु सूर्यवंशी और 23 वर्षीय अमन सूर्यवंशी, पिता प्रहलाद सूर्यवंशी मौजूद थे। इसी दौरान डीजे बजाने को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया।
गुस्से में चाकू से किए कई वार
पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान अमन ने अपने पास रखे चाकू से आकाश के सीने पर लगातार चार-पांच वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से आकाश मौके पर ही गिर पड़ा। अचानक हुई इस घटना से पंडाल के आसपास अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल आकाश को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल भेजा गया, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हत्या के बाद भी चाकू लेकर घूमता रहा आरोपी
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी अमन पंडाल के आसपास ही चाकू लेकर घूम रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह डीजे की आवाज सामने आई है। हालांकि पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है।
नशे की लत की भी जांच
सीएसपी सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार ने बताया कि आरोपी को नशे की लत होने की जानकारी सामने आई है। परिजनों ने उसे पहले कई बार नशामुक्ति केंद्र भेजा था और वह वहां दो-तीन साल तक रह चुका है। इसके बावजूद उसकी नशे की आदत पूरी तरह नहीं छूटी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।













