परिवार के साथ फिल्म देखने पहुंचे राज्यपाल और मुख्यमंत्री
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को रायपुर के जोरा मॉल स्थित सिनेमा हॉल में अपने परिवार के साथ फिल्म देखी। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी अपने परिवार के साथ मौजूद रहे।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘हनुमान अंश’ जैसी प्रेरणादायी फिल्मों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। ऐसी फिल्में समाज को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा से परिचित कराने के साथ जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों का संदेश देती हैं। फिल्म को टैक्स फ्री किए जाने से प्रदेश में अधिक दर्शक इसे देख सकेंगे और विशेष रूप से युवाओं को भारत की समृद्ध संत परंपरा तथा उसके जीवन मूल्यों को समझने का अवसर मिलेगा।
संत परंपरा देती रही है सत्य और सेवा का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा ने हमेशा समाज को सत्य, सेवा, करुणा, प्रेम और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाया है। संतों ने अपने जीवन और आचरण के माध्यम से मानवता तथा लोककल्याण का संदेश दिया।
उन्होंने नीम करोली बाबा के जीवन को इसी महान परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जीवन यह सिखाता है कि मानवता की सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है। नीम करोली बाबा ने सरल शब्दों और सादगीपूर्ण जीवन के माध्यम से प्रेम, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। उनके विचारों में मानवता और सभी के प्रति समानता को विशेष महत्व मिला।
साय ने कहा कि संतों का यह संदेश आज भी प्रासंगिक है और समाज को सकारात्मक दिशा देने की क्षमता रखता है।
मनोरंजन के साथ संस्कार और प्रेरणा का माध्यम है सिनेमा
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कलाकारों और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि विचारों, मूल्यों और प्रेरणा को समाज तक पहुंचाने का प्रभावी जरिया भी है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और संत परंपरा पर आधारित सकारात्मक फिल्में नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, परंपराओं और मानवीय मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक शक्ति उसकी हजारों वर्ष पुरानी परंपराओं और जीवन मूल्यों में निहित है। सेवा, करुणा, सद्भाव और मानव कल्याण जैसे मूल्यों को आगे बढ़ाना सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘हनुमान अंश’ जैसे प्रयास इन मूल्यों को सरल और प्रभावी तरीके से समाज तक पहुंचाने का काम करते हैं।
नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित है फिल्म
उल्लेखनीय है कि फिल्म ‘हनुमान अंश’ नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है। फिल्म में उनके सेवा, भक्ति और मानवता के संदेश को केंद्र में रखा गया है।
इस अवसर पर राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, विभिन्न निगम-मंडलों और आयोगों के अध्यक्ष तथा अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग भी फिल्म देखने पहुंचे।














