बिलासपुर। बिलासपुर सेंट्रल जेल के भीतर हुई एक सनसनीखेज हत्या ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल के मानसिक रोगी वार्ड की बैरक में एक बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई, जिससे जेल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मृतक की पहचान कोटा थाना क्षेत्र केनीलू जगत के रूप में हुई है। वह नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद था।
नाली की स्लैब से सिर कुचलने का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नीलू जगत की हत्या नाली की स्लैब से सिर कुचलकर की गई। घटना जेल की ई-1 बैरक में हुई, जिसे मानसिक रूप से बीमार कैदियों के लिए आरक्षित बताया जा रहा है।
इस मामले में मुंगेली जिले के चमारी गांव निवासी राजेश राय पर हत्या का आरोप लगाया जा रहा है। राजेश राय पिछले 17 वर्षों से ट्रिपल मर्डर केस में जेल में बंद है और उसे भी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है।
सूचना मिलते ही पहुंचे अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। संबंधित बैरक को सील कर दिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जेल जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह के भीतर इतनी बड़ी वारदात कैसे हुई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सेंट्रल जेल के भीतर हुई इस हत्या ने सुरक्षा प्रबंधन की प्रभावशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। विशेष रूप से मानसिक रोगी वार्ड में हुई घटना के बाद अन्य बंदियों और जेल कर्मचारियों में भी चिंता का माहौल है।
फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटे हुए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां और संभावित सुरक्षा चूक सामने आ सकेंगी।











