आवास, ग्रामीण विकास और सड़क योजनाओं को लेकर गिनाईं भाजपा सरकार की उपलब्धियां
रायपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के दौरे पर रायपुर पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “कका और कांग्रेस ने मिलकर छत्तीसगढ़ को बर्बाद कर दिया।” चौहान ने दावा किया कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में विकास की नई गति आई है और छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भरपूर समर्थन दिया है। गरीबों के लिए 3.65 लाख से अधिक आवासों की मंजूरी दी गई है और इनके स्वीकृति पत्र मुख्यमंत्री को सौंपे जा रहे हैं।
रोज बन रहे करीब 1600 मकान
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रदेश में रोजाना करीब 1600 मकानों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत और ग्रामीण विकास के अभियान में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने बताया कि ‘खेत से सड़क’ योजना के तहत 36 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा ग्रामीण विकास विभाग ने प्रदेश में विभिन्न सड़क परियोजनाओं को भी मंजूरी दी है।
वंदे मातरम् विवाद पर कांग्रेस को घेरा
कर्नाटक में ‘वंदे मातरम्’ के दो अंतरों के गायन को लेकर उठे विवाद पर भी चौहान ने कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संविधान की भावना के विपरीत काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ से जुड़ा कानून संसद में विधेयक के माध्यम से बनाया गया है, ऐसे में कर्नाटक सरकार का फैसला लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
चौहान ने इसे भारत माता का अपमान बताते हुए कांग्रेस की आलोचना की और उसके रुख को राष्ट्रविरोधी करार दिया।
BRICS को लेकर भी कांग्रेस पर हमला
BRICS सम्मेलन को लेकर कांग्रेस के सवालों पर चौहान ने कहा कि दुनिया की करीब आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले देश एक मंच पर जुट रहे हैं और पूरी दुनिया की नजर इस आयोजन पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी भारत का वैश्विक कद बढ़ता है, कांग्रेस को परेशानी होने लगती है।
मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए चौहान ने कहा कि उनके नेतृत्व में देश का आत्मविश्वास और आत्मसम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहा है और विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर है।
चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी की तुलना स्वामी विवेकानंद के विचारों से करते हुए कहा कि मोदी उन्हीं आदर्शों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।














