गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही थाना क्षेत्र के बंशीताल-दानीकुंडी इलाके में सरकारी कार्यालय के भीतर पटवारी पर लोहे की पाइप से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में हल्का नंबर 26 के पटवारी शुद्धराम कोल के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए मरवाही अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पटवारी शुद्धराम कोल दानिकुंडी स्थित अपने कार्यालय में बैठे थे। इसी दौरान सचराटोला निवासी प्रकाश सिंह वहां पहुंचा। सरकारी काम को लेकर बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर आरोपी ने कार्यालय में रखी लोहे की पाइप उठाकर पटवारी के सिर पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पटवारी के साथ बेरहमी से मारपीट की। कार्यालय में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी पटवारी के ऊपर बैठकर मारपीट करता दिखाई दे रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस विवाद की वजह और हमले में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दो अलग-अलग पुलिस टीमें भेजी गई हैं।
मरवाही एसडीओपी अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि घायल पटवारी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार तलाश कर रही हैं।














