आधी रात बच्चों को कमरे में बंद कर वारदात, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक भयावह रूप ले लिया। पत्नी के चरित्र पर संदेह करने वाले पति ने कथित तौर पर देर रात उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र के रेलहा भट्ठा गांव की है। यहां रहने वाला जनीराम यादव अपनी 45 वर्षीय पत्नी मोंगरा बाई यादव के साथ घर के आंगन में सो रहा था, जबकि उनके बच्चे घर के भीतर एक कमरे में थे।
रात करीब ढाई बजे रची गई साजिश
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रात करीब 2:30 बजे आरोपी ने पहले उस कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिसमें बच्चे सो रहे थे, ताकि वे बाहर निकलकर मां की मदद न कर सकें। इसके बाद उसने आंगन में सो रही पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
आग की लपटों से घिरी महिला की चीख सुनकर आसपास अफरा-तफरी मच गई। खुद को बचाने के लिए उसने साहस दिखाते हुए आंगन में रखे रेत के ढेर पर लोटकर किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद वह आग पर काबू पाने में सफल रही।
बच्चे कमरे में बंद रहे, खिड़की से देखा मंजर
महिला की चीख सुनकर बच्चे जाग गए, लेकिन बाहर से दरवाजा बंद होने के कारण वे कमरे से निकल नहीं सके। बताया गया कि उन्होंने खिड़की से अपनी मां को गंभीर रूप से झुलसी हालत में मदद के लिए पुकारते देखा। बाद में महिला ने स्वयं किसी तरह कमरे की कुंडी खोलकर बच्चों को बाहर निकाला।
घटना के तुरंत बाद परिजन और बच्चों ने गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
लंबे समय से करता था मारपीट
अस्पताल पहुंची पुलिस ने महिला का बयान दर्ज किया। पीड़िता ने बताया कि उसका पति लंबे समय से उसके चरित्र पर संदेह करता था। इसी बात को लेकर वह अक्सर झगड़ा करता और मारपीट भी करता था। महिला का आरोप है कि इसी शक के कारण पति ने उसे जान से मारने की नीयत से आग के हवाले कर दिया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पचपेड़ी पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।













