जन संघर्ष समिति का दावा- बड़े विमानों की उड़ान से सस्ता होगा हवाई सफर, निवेश और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे
बिलासपुर। बिलासपुर तक हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने बिलासपुर एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में विकसित करने की मांग लगातार उठा रही है। समिति का कहना है कि विशाल भौगोलिक क्षेत्र वाले छत्तीसगढ़ में वर्तमान में केवल रायपुर में ही 4C श्रेणी का हवाई अड्डा है, जबकि राज्य के संतुलित विकास के लिए उत्तर छत्तीसगढ़ में भी ऐसी सुविधा आवश्यक है।
समिति के अनुसार कोंटा से रामानुजगंज तक फैले लगभग एक हजार किलोमीटर लंबे राज्य में बड़े विमानों के संचालन की सुविधा केवल रायपुर में उपलब्ध है। 4C श्रेणी के एयरपोर्ट पर बोइंग और एयरबस जैसे बड़े विमान उतर सकते हैं। इन विमानों में यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण प्रति यात्री ईंधन खर्च कम पड़ता है, जिससे हवाई किराया भी अपेक्षाकृत सस्ता होता है।
समिति ने कहा कि वर्तमान में बिलासपुर से संचालित एटीआर विमान अधिकतम 72 यात्रियों को ले जा सकते हैं, जबकि बोइंग और एयरबस विमानों में सामान्यतः 180 या उससे अधिक यात्रियों की क्षमता होती है। इससे एयरलाइंस कम संसाधनों और कर्मचारियों के साथ अधिक यात्रियों को सेवा दे सकती हैं, जिसका सीधा लाभ यात्रियों को कम किराए और बेहतर कनेक्टिविटी के रूप में मिलेगा।
समिति का दावा है कि यदि बिलासपुर एयरपोर्ट को 4C श्रेणी में उन्नत किया जाता है तो यह उत्तर छत्तीसगढ़ का प्रमुख हवाई केंद्र बन सकता है। मुंगेली और जांजगीर की दूरी लगभग 54 किलोमीटर रह जाएगी, जबकि कोरबा और सक्ती भी 100 किलोमीटर से कम दूरी पर होंगे। इसके अलावा बलौदाबाजार और बेमेतरा जैसे जिले भी रायपुर की तुलना में बिलासपुर एयरपोर्ट के अधिक निकट पड़ेंगे। बलौदाबाजार से एयरपोर्ट की दूरी 50 किलोमीटर से कम तथा बेमेतरा से लगभग 80 किलोमीटर बताई गई है।
जन संघर्ष समिति ने कहा कि राज्य में केवल एक 4C श्रेणी का एयरपोर्ट होने से विकास का लाभ सीमित क्षेत्रों तक सिमट गया है। राज्य गठन के बाद अधिकांश निवेश रायपुर-दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में केंद्रित रहा, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ में मुख्य रूप से कोयला खदानों और बिजली परियोजनाओं तक ही औद्योगिक गतिविधियां सीमित हैं। इससे पर्यावरणीय असंतुलन और विस्थापन जैसी समस्याएं भी बढ़ी हैं।
समिति का कहना है कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों को समान विकास अवसर उपलब्ध कराने के लिए मजबूत हवाई संपर्क जरूरी है। इसी मांग को लेकर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का धरना रविवार को भी जारी रहा।
धरने में रवि बनर्जी, बद्री यादव, परसराम कैवर्त, समीर अहमद ‘बबला’, रामशरण यादव, मनोज तिवारी, महेश दुबे ‘टाटा’, देवेंद्र सिंह ठाकुर, शैलेन्द्र यादव, अनिल गुलहरे, दीपक कश्यप, गोपी राव, अमर बजाज, संदीप बाजपेयी, मझहर खान, रंजीत सिंह खनूजा, प्रतीक तिवारी, ऋषिराज सिंह गौतम और अखिल अली सहित अनेक लोग शामिल हुए।














