बिलासपुर। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर बिलासपुर में दोस्ती खून में बदल गई। मोबाइल के विवाद ने इतनी तूल पकड़ी कि एक युवक ने अपने ही दोस्त की बीच बाजार में चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है, जो थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई।
शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे, 22 वर्षीय दीपक साहू उर्फ छोटू अपने दोस्त के साथ बाइक से गुजर रहा था। इसी दौरान शराब के नशे में धुत आरोपी गणेश रजक, जो पहले से घात लगाए बैठा था, ने रास्ता रोक लिया। मोबाइल वापस मांगने पर दोनों में कहासुनी हुई, जो मिनटों में जानलेवा हमला बन गई। गणेश ने जेब से चाकू निकालकर दीपक के सीने पर कई वार किए। लहूलुहान दीपक सड़क पर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी किसी तरह बच निकला।
भारी भीड़ और रक्षाबंधन की चहल-पहल के बीच हुई इस वारदात से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल दीपक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
टीआई विवेक पांडे के अनुसार, कुछ ही घंटों में पुलिस ने शनिचरी बाजार से आरोपी गणेश रजक को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों कुछ दिन पहले झारखंड के बैद्यनाथ धाम कांवड़ यात्रा पर गए थे, वहीं से मोबाइल को लेकर विवाद शुरू हुआ था। कल फिर उनके बीच इस बात को लेकर झगड़ा हुआ और आरोपी ने अचानक चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दीपक की हत्या कर दी।
सिर्फ 100 मीटर दूर पुलिस स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।













