किसान मोर्चा के शपथ ग्रहण, क्रेडाई मेले के उद्घाटन व पोला उत्सव में शामिल हुए केंद्रीय राज्य मंत्री

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने शनिवार को राजधानी रायपुर और दुर्ग में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लेते हुए संगठन की शक्ति, हर नागरिक को घर दिलाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण पर जोर दिया।

रायपुर में भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर के पदभार ग्रहण समारोह में साहू ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि किसान मोर्चा ने संगठन की शक्ति से व्यापक जनाधार बनाया है। सफल सदस्यता अभियान और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से पंचायत, नगरीय निकाय और लोकसभा चुनावों में संगठन की निर्णायक भूमिका रही। उन्होंने कहा कि जब संगठन मजबूत होगा, तभी किसानों की आवाज बुलंद होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि ठाकुर के नेतृत्व में किसान मोर्चा और सशक्त होगा। समारोह में मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, प्रभारी बजरंगी यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इसी दिन साहू ने रायपुर में आयोजित क्रेडाई छत्तीसगढ़ के आवास मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि घर केवल एक इमारत नहीं बल्कि परिवार की पहचान और भविष्य की नींव है। प्रधानमंत्री आवास योजना के जरिए केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक के सिर पर अपना घर हो। रियल एस्टेट को उन्होंने अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र सैकड़ों उद्योगों और लाखों लोगों को रोजगार देता है। उन्होंने ग्रीन बिल्डिंग और स्मार्ट सिटी की दिशा में क्रेडाई के प्रयासों की सराहना की और कहा –आइए, मिलकर ऐसा भारत बनाएं जहा हर नागरिक का अपना घर हो और हर घर खुशियों से भरा हो।

शाम को साहू दुर्ग पहुंचे और वहाँ आयोजित पारंपरिक पोरा महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह पर्व किसानों की मेहनत, पशुधन और छत्तीसगढ़ की जीवंत संस्कृति का प्रतीक है। उन्होंने बैल दौड़ प्रतियोगिता के विजेताओं को 21,000, 11,000 और 5,000 रुपये के पुरस्कार प्रदान किए और कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हैं और परंपराओं को जीवित रखते हैं। उन्होंने स्थानीय युवाओं के समर्पण और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here