16 सप्ताह के गर्भ के आकार का ट्यूमर निकाला गया, आयुष्मान योजना के तहत हुआ निःशुल्क इलाज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर के डॉक्टरों ने चिकित्सा इतिहास में एक और मिसाल कायम की है। संस्थान की विशेषज्ञ टीम ने एक पोलियो पीड़ित महिला की जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जो न केवल जोखिमपूर्ण थी बल्कि कई निजी अस्पतालों ने इसे करने से इंकार कर दिया था।

मरीज दोनों पैरों में पोलियो से ग्रस्त थीं और रीढ़ की हड्डी में गंभीर विकृति के कारण उनका चलना-फिरना बेहद मुश्किल हो गया था। वे पिछले कई महीनों से पेट में तेज दर्द और असहनीय तकलीफ झेल रही थीं। शहर के कई अस्पतालों में इलाज कराने के बावजूद उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ, क्योंकि डॉक्टर सर्जरी के जोखिम को देखते हुए ऑपरेशन करने से हिचक रहे थे। अंततः सिम्स की चिकित्सक टीम ने यह चुनौती स्वीकार की और सफल ऑपरेशन कर उन्हें नई जिंदगी दी।

जांच के दौरान पता चला कि महिला के गर्भाशय में लगभग 16 सप्ताह के गर्भ के आकार का बड़ा ट्यूमर था। सर्जरी के दौरान इस ट्यूमर को सुरक्षित रूप से निकाल दिया गया। खास बात यह रही कि यह पूरी सर्जरी आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क की गई।

ऑपरेशन का नेतृत्व डॉ. संगीता रमन जोगी, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग ने किया। उनकी टीम में डॉ. दीपिका सिंह, डॉ. रचना जैन (एसोसिएट प्रोफेसर) और डॉ. दीक्षा चंद्राकर (पीजी रेज़िडेंट) शामिल थीं। एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व डॉ. मधुमिता मूर्ति, विभागाध्यक्ष, एनेस्थीसिया विभाग ने किया। टीम में डॉ. भावना रॉयजादा, डॉ. श्वेता कुजूर, डॉ. मिल्टन देबर्मन और डॉ. सुरभि बंजारे शामिल रहीं, जिन्होंने अत्यंत जटिल परिस्थितियों में भी एनेस्थीसिया को कुशलता से प्रबंधित किया।

सर्जरी के बाद महिला की स्थिति पूरी तरह स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही हैं।

इस अवसर पर सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि “यह सर्जरी सिम्स की चिकित्सा क्षमता, टीमवर्क और विशेषज्ञता का प्रमाण है। हमारे डॉक्टर हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में मरीजों को सर्वश्रेष्ठ इलाज देने के लिए समर्पित हैं।”

वहीं चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि “सिम्स बिलासपुर की यह उपलब्धि चिकित्सा जगत में समर्पण, निष्ठा और उत्कृष्टता का प्रेरक उदाहरण है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here