चोर समझकर ग्रामीणों ने घेरा, लाठी-डंडों से की मारपीट; एक जवान गंभीर रूप से घायल
रायपुर। अपराधियों की तलाश में दूसरे राज्यों तक पहुंचने वाली पुलिस टीमों को कई बार स्थानीय विरोध का सामना करना पड़ता है। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सामने आया, जहां गांजा तस्करी के मामले में वांछित आरोपी को पकड़ने गई छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। अफवाह फैल गई कि गांव में कुछ चोर घूम रहे हैं, जिसके बाद भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, रायपुर जिले के गंज थाना क्षेत्र में दर्ज गांजा तस्करी के एक मामले में एनडीपीएस कोर्ट ने शिवम केशरवानी और आकाश उर्फ मास्टर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। दोनों आरोपियों की तलाश में छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले पहुंची थी।
पुलिस टीम ने पहले सिराथू निवासी आकाश उर्फ मास्टर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरक्षक यूसुफ खान, जगदेव प्रसाद वर्मा और अजय चौधरी कोखराज थाना क्षेत्र के इचौली गांव में शिवम केशरवानी की तलाश के लिए पहुंचे। बताया जाता है कि टीम सादे कपड़ों में शिवम के घर के आसपास निगरानी कर रही थी।
इसी दौरान शिवम के परिजनों और कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों को चोर बताकर शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंच गए और पुलिस टीम को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
हमले में आरक्षक जगदेव प्रसाद वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य पुलिसकर्मी किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरक्षक को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया।
कौशांबी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने बताया कि घायल आरक्षक की शिकायत पर शिवम केशरवानी, उसके भाई और अन्य रिश्तेदारों समेत कुल 53 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।














