पीईएसबी ने की सिफारिश, तीन दशक से अधिक के खनन अनुभव और नेतृत्व क्षमता को मिली नई जिम्मेदारी

बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के निदेशक (तकनीकी-परिचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) पद के लिए सार्वजनिक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) ने अनुशंसित किया है। इस उपलब्धि पर एसईसीएल परिवार ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल नेतृत्व की कामना की है।

एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने फरवरी 2024 में एसईसीएल में निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) के रूप में कार्यभार संभाला था। इसके बाद 1 जनवरी 2025 से उन्होंने निदेशक (तकनीकी-परिचालन) का दायित्व संभाला। कोयला और लिग्नाइट खनन क्षेत्र में उन्हें तीन दशक से अधिक का व्यापक अनुभव है।

एसईसीएल से पहले वे एनएलसी इंडिया लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक (कोल कोऑर्डिनेशन) एवं तलाबीरा-2 और 3 ओपनकास्ट परियोजना के परियोजना प्रमुख रहे। उन्होंने एनएलसी इंडिया में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं। अपने करियर के शुरुआती 18 वर्षों तक उन्होंने सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड में भूमिगत और ओपनकास्ट खदानों के संचालन का अनुभव प्राप्त किया। इसके अलावा इंडोनेशिया की 5 मिलियन टन वार्षिक क्षमता वाली कोयला खदान का सफल संचालन कर अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव भी हासिल किया।

चेन्नई स्थित अन्ना विश्वविद्यालय के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गिंडी से माइनिंग इंजीनियरिंग में स्नातक जयकुमार ने पर्यावरण अभियांत्रिकी एवं प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए भी किया है। उन्हें डीजीएमएस का प्रथम श्रेणी खान प्रबंधक दक्षता प्रमाणपत्र भी प्राप्त है।

खनन संचालन के साथ-साथ उन्होंने खान सुरक्षा, कौशल विकास और नीति निर्माण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वे स्किल काउंसिल फॉर माइनिंग सेक्टर के बोर्ड सदस्य रह चुके हैं तथा कोयला मंत्रालय की संकट प्रबंधन योजना में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here