चंद्रगढ़ी में BEML स्थापित करेगा संयंत्र, युवाओं को रोजगार और सहायक उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण फैसला राज्य मंत्रिपरिषद ने लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में मुंगेली जिले के पथरिया तहसील स्थित ग्राम चंद्रगढ़ी में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) के हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।
यह संयंत्र छत्तीसगढ़ का पहला हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण केंद्र होगा। राष्ट्रीय राजमार्ग बिलासपुर-रायपुर से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित चंद्रगढ़ी में बनने वाला यह प्लांट राज्य के औद्योगिक परिदृश्य में एक नई शुरुआत माना जा रहा है।
रोजगार और उद्योगों को मिलेगा नया आधार
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी BEML के इस संयंत्र से स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसके साथ ही तकनीकी प्रशिक्षण, लघु एवं मध्यम उद्योग (MSME), लॉजिस्टिक्स, परिवहन तथा स्पेयर पार्ट्स निर्माण जैसे क्षेत्रों में भी नए निवेश और रोजगार की संभावनाएं विकसित होंगी।
तेज पहल से मुंगेली ने बाजी मारी
पथरिया की एसडीएम रेखा चंद्रा ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर इस परियोजना के लिए रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों में भूमि की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 79.70 एकड़ उपयुक्त शासकीय भूमि का चिन्हांकन किया और प्रस्ताव शासन को भेजा। इसी प्रस्ताव को अब राज्य मंत्रिपरिषद ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
औद्योगिक विकास का नया अध्याय
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने इस उपलब्धि पर जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि BEML का संयंत्र मुंगेली को आधुनिक विनिर्माण और इंजीनियरिंग गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाएगा। उनके अनुसार यह परियोजना न केवल जिले के औद्योगिक विकास को गति देगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी।














