इलाज अधूरा छोड़ने का आरोप, आत्महत्या से पहले पिता और परिवार के नाम छोड़ा भावुक संदेश

बिलासपुर, 5 अगस्त। चकरभाठा थाना क्षेत्र में एक युवक ने मानसिक पीड़ा और लंबे समय से चल रहे दर्द से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें अपनी तकलीफ बयां करते हुए परिवार से फैक्ट्री से बकाया राशि लेने और भुगतान नहीं होने पर एफआईआर दर्ज कराने की बात कही। घटना के बाद पुलिस ने मोबाइल फोन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक उमेश पटेल सिलपहरी स्थित राधे फैक्ट्री में काम करता था। करीब चार महीने पहले फैक्ट्री में काम के दौरान उसके दोनों पैरों पर गर्म राख गिर गई थी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया था।

इलाज बीच में बंद करने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने उमेश को अस्पताल में भर्ती तो कराया, लेकिन कुछ दिनों बाद ही इलाज बंद कर दिया। उनका कहना है कि यदि उसका पूरा इलाज कराया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। घायल होने के बाद से उमेश लगातार दर्द और मानसिक तनाव से गुजर रहा था।

वीडियो में बयां किया दर्द

आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में उमेश ने कहा कि वह पैरों के असहनीय दर्द के कारण यह कदम उठा रहा है। उसने अपने पिता से माफी मांगते हुए परिवार को अपना ख्याल रखने की बात कही।

वीडियो में उसने यह भी कहा कि फैक्ट्री से उसका बकाया पैसा लेकर उससे इलाज के दौरान लिए गए कर्ज का भुगतान कर दिया जाए। यदि फैक्ट्री प्रबंधन राशि देने से इनकार करे तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। उसने अपने छोटे भाई की देखभाल करने की भी अपील की।

घर में अकेला था युवक

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच उमेश ने गमछे का फंदा बनाकर घर के पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य खेत गए हुए थे। घर लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी मिली।

मृतक के पिता राधे पटेल ने बताया कि जब परिवार घर पर नहीं था, उसी दौरान उमेश ने यह कदम उठा लिया।

मोबाइल जब्त, पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने पर चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसमें रिकॉर्ड वीडियो सहित अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले में आत्महत्या के कारणों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here