मार्काटोला घाट में हुई टक्कर, हादसे के बाद चालक फरार; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल की सैर पर निकली मुंबई की 24 वर्षीय बाइक राइडर रिद्धि दिव्येश ठक्कर की सड़क हादसे में मौत हो गई। करीब 20 बाइक सवारों के समूह के साथ रायपुर से बस्तर जा रहीं रिद्धि की बाइक को बुधवार सुबह बालोद जिले के मार्काटोला घाट में एक अज्ञात भारी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक दुर्घटना सुबह करीब 6 बजे हुई। रिद्धि बजाज एवेंजर बाइक चला रही थीं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं। साथी बाइक सवारों ने तत्काल मदद के लिए हेल्पलाइन पर संपर्क किया और उन्हें एंबुलेंस से कांकेर जिले के चारामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अलग-अलग राज्यों से आए थे बाइक राइडर

रिद्धि महाराष्ट्र के मुंबई स्थित बोरीवली वेस्ट की रहने वाली थीं और बाइक राइडिंग की शौकीन थीं। उनके साथ करीब 20 बाइक सवारों का समूह रायपुर पहुंचा था। इनमें महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों के अलावा अन्य राज्यों के लोग भी शामिल थे। समूह ने रायपुर से बस्तर भ्रमण का कार्यक्रम बनाया था।

हादसे से कुछ घंटे पहले ही रिद्धि ने सोशल मीडिया पर “Let’s Explore Bastar” लिखकर अपनी यात्रा की तस्वीर साझा की थी। इसके कुछ ही समय बाद हुए हादसे ने पूरे बाइकिंग समूह को सदमे में डाल दिया।

ट्रेलर के पहियों से कुचले जाने की बात

धमतरी नगर निगम के महापौर रामू रोहरा भी घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उन्हें फोन पर हादसे की सूचना मिली थी और घायल महिला की मदद के लिए वे घटनास्थल पहुंचे। उनके अनुसार रिद्धि को ट्रेलर की चपेट में आने से गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।

घटना के बाद रिद्धि के शव को धमतरी जिला अस्पताल लाया गया, जहां पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। चूंकि रिद्धि दूसरे राज्य की निवासी थीं, इसलिए उनके परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।

CCTV से अज्ञात वाहन की तलाश

बालोद के पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि हादसे के बाद अज्ञात भारी वाहन मौके से भाग गया। पुलिस वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

जगतरा घाटी की घुमावदार सड़क पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पु

हाईकोर्ट पहले ही जता चुका है चिंता

छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों की गंभीर स्थिति पर हाल ही में हाईकोर्ट भी चिंता जता चुका है। अदालत ने सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या को “अलार्मिंग” बताते हुए राज्य सरकार से सड़क सुरक्षा और दुर्घटना संभावित स्थानों यानी ब्लैक स्पॉट को दुरुस्त करने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी मांगी थी।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2025 में राज्य में 15,484 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 6,967 लोगों की मौत हुई और 13,156 लोग घायल हुए। इस वर्ष 31 मई तक ही 6,891 दुर्घटनाओं में 3,170 लोगों की जान जा चुकी थी और 5,741 लोग घायल हुए। ऐसे में रिद्धि की मौत सिर्फ एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा व्यवस्था के सामने खड़ी एक गंभीर चुनौती की ओर भी इशारा करती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here