रेलवे की दो बड़ी खबरें- इंटरसिटी का विस्तार और उसलापुर में ब्रांडेड, स्वच्छ व आधुनिक खान-पान की सुविधा
बिलासपुर। यात्रियों की सुविधा बढ़ाने की दिशा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दो महत्वपूर्ण पहल की हैं। अंबिकापुर-जबलपुर-अंबिकापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का विस्तार अब मदन महल स्टेशन तक कर दिया गया है। वहीं बिलासपुर मंडल के उसलापुर रेलवे स्टेशन पर प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट शुरू किया गया है। दोनों सुविधाएं 17 अगस्त 2026 से प्रभावी हो गई हैं।
मदन महल तक पहुंची इंटरसिटी
ट्रेन नंबर 11266 अंबिकापुर-मदन महल इंटरसिटी एक्सप्रेस अंबिकापुर स्टेशन से सुबह 6.15 बजे रवाना होगी। ट्रेन दोपहर 2.55 बजे जबलपुर पहुंचेगी और पांच मिनट ठहराव के बाद 3 बजे रवाना होकर दोपहर 3.20 बजे मदन महल स्टेशन पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 11265 मदन महल-अंबिकापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मदन महल से दोपहर 12.25 बजे रवाना होगी। यह दोपहर 12.35 बजे जबलपुर पहुंचेगी और 12.45 बजे रवाना होकर रात 11 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी।
इस विस्तार से अंबिकापुर और आसपास के क्षेत्रों से जबलपुर की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। मदन महल तक ट्रेन के पहुंचने से यात्रियों के लिए जबलपुर शहर में आवागमन के विकल्प भी बढ़ेंगे।
उसलापुर में पहला प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने उसलापुर रेलवे स्टेशन पर प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट भी शुरू किया है। यह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का पहला प्रीमियम ब्रांड कैटरिंग आउटलेट है।
आधुनिक स्वरूप में तैयार इस आउटलेट पर यात्रियों को प्रतिष्ठित ब्रांडों के खाद्य और पेय पदार्थ उपलब्ध होंगे। सुविधा में स्वच्छता, गुणवत्ता और त्वरित सेवा पर विशेष जोर दिया गया है।
रेलवे के अनुसार यह सुविधा लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों, परिवार के साथ सफर करने वालों और ट्रेन के सीमित ठहराव के दौरान भोजन या नाश्ता लेने वाले यात्रियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगी।














