कर्मचारियों के हित में पहल से लेकर डिजिटलीकरण और नई सुविधाओं तक, तीन साल से अधिक के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित कर उनके कार्यकाल की उपलब्धियों को याद किया। समारोह गरिमापूर्ण और भावनात्मक माहौल में हुआ, जिसमें न्यायाधीशों, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री में पदस्थ न्यायिक अधिकारियों तथा हाईकोर्ट के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा के तीन वर्ष से अधिक लंबे कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उनके दूरदर्शी नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता और कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना की।
हाईकोर्ट के आधुनिकीकरण पर रहा जोर
वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल में हाईकोर्ट की प्रशासनिक और संस्थागत व्यवस्थाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। अभिलेखागार, डिजिटलीकरण केंद्र और क्रेच को बेहतर बनाया गया, जबकि डिस्पेंसरी के विस्तार और सुविधाओं में सुधार पर भी ध्यान दिया गया।
स्टाफ कॉलोनी में आवासीय सुविधाओं के साथ स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में भी पहल की गई। कर्मचारियों के हितों से जुड़े भर्ती, पदोन्नति और नियमितीकरण जैसे विषयों को प्राथमिकता दिए जाने की बात वक्ताओं ने कही।
कर्मचारियों के साथ संवाद और सहभागिता को बढ़ावा
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि मुख्य न्यायाधीश के कार्यकाल में हाईकोर्ट परिवार के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच आपसी सौहार्द और सामंजस्य को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया।
राष्ट्रीय पर्वों के अलावा महिला दिवस, दीपावली और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर अधिकारियों-कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की पहल का भी उल्लेख किया गया। इससे संस्थान में सामूहिकता और पारिवारिक वातावरण को मजबूत करने में मदद मिली।
सिल्वर जुबली और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रहे खास
रमेश सिन्हा के कार्यकाल के दौरान हाईकोर्ट की सिल्वर जुबली से जुड़े कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों और नए ऑडिटोरियम के भूमिपूजन जैसे महत्वपूर्ण अवसरों को भी याद किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि कर्मचारियों के हित में लिए गए निर्णय और उनके कार्यकाल के दौरान किए गए संस्थागत कार्य लंबे समय तक याद किए जाएंगे।
कर्मचारियों को दिया निरंतर प्रगति का संदेश
समारोह के समापन अवसर पर मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने कार्य और व्यक्तिगत जीवन के बीच संतुलन बनाए रखते हुए निरंतर प्रगति के लिए प्रतिबद्ध रहने का आग्रह किया।
रजिस्ट्री परिवार की ओर से उन्हें सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सुखी जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम का संचालन हाईकोर्ट की कर्मचारी यामिनी पटनवार ने किया। मुख्य न्यायाधीश के कार्यकाल से जुड़ी उपलब्धियों का विवरण नीलिमा साहू ने प्रस्तुत किया, जबकि अंत में आभार प्रदर्शन अभिनव गौरहा ने किया।














