यात्रियों और व्यापारियों को मिलेगी सुविधा, पेंड्रा रोड और बिलासपुर से होकर चलेगी ट्रेन
बिलासपुर। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और स्थानीय सांसद तोखन साहू की पहल पर संसदीय क्षेत्र के यात्रियों को रेलवे की ओर से बड़ी सौगात मिली है। रेल एवं सूचना-प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उदयपुर सिटी-शालीमार-उदयपुर सिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस की आवृत्ति बढ़ाने को मंजूरी दे दी है।
रेल मंत्री की ओर से जारी संचार के अनुसार ट्रेन नंबर 20971/20972 उदयपुर सिटी-शालीमार सुपरफास्ट एक्सप्रेस, जो पेंड्रा रोड और बिलासपुर होकर चलती है, अब सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन संचालित होगी।
यात्रियों और व्यापारियों को मिलेगा सीधा लाभ
ट्रेन की फ्रीक्वेंसी बढ़ने से बिलासपुर, पेंड्रा रोड और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को उदयपुर तथा शालीमार की यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। नियमित यात्रियों के साथ व्यापारियों और अन्य कामकाजी लोगों को भी इससे सुविधा होने की उम्मीद है।
सांसद तोखन साहू की ओर से यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने का प्रस्ताव रेलवे के समक्ष रखा गया था। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की मंजूरी के बाद अब इसे सप्ताह में दो दिन चलाने का रास्ता साफ हो गया है।
फैसले पर संसदीय क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों और नियमित यात्रियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया है। लोगों ने इसे क्षेत्र की रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।













