फोन पटकने के बाद कमरे में बंद हो गई थी 52 वर्षीय महिला

कोरबा। करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव में मोबाइल नेटवर्क चले जाने से नाराज एक महिला ने कथित तौर पर कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाई गई महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार केराकछार निवासी 55 वर्षीय प्रेमलाल सारथी मजदूरी कर पत्नी 52 वर्षीय मंगलो बाई और दो बच्चों का भरण-पोषण करता था। उनका बड़ा बेटा अलग रहकर कोरबा में अपने परिवार के साथ रहता है। मंगलो बाई मोबाइल पर वीडियो और टीवी सीरियल देखने की शौकीन थी।

शनिवार दोपहर करीब 12 बजे प्रेमलाल किसी काम से बाहर गया हुआ था। उस समय मंगलो बाई खाना खाते हुए मोबाइल पर सीरियल देख रही थी। इसी दौरान अचानक मोबाइल नेटवर्क चला गया। काफी देर इंतजार करने के बावजूद नेटवर्क नहीं आया और सीरियल आगे नहीं चल सका। इससे वह काफी नाराज हो गई।

बताया जा रहा है कि गुस्से में उसने मोबाइल जमीन पर पटककर तोड़ दिया और इसके बाद एक कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। करीब 10 मिनट बाद वह कमरे से बाहर निकली और बरामदे में खाट पर बैठ गई। कुछ ही देर बाद उसे लगातार उल्टियां होने लगीं।

शुरुआत में घर में मौजूद बेटे और बेटी को लगा कि उसकी तबीयत खराब हो गई है। हालांकि कुछ देर बाद जहरीले पदार्थ की गंध आने पर उन्हें संदेह हुआ। सूचना मिलने पर प्रेमलाल भी घर पहुंचा। कमरे की तलाशी लेने पर कीटनाशक की खाली डिब्बी मिली, जिसके बाद परिजनों को उसके जहरीला पदार्थ सेवन करने का पता चला।

परिजनों ने तत्काल डायल-112 की मदद से उसे करतला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद शाम करीब 5 बजे संजीवनी एक्सप्रेस से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में उपचार शुरू होने के करीब एक घंटे के भीतर मंगलो बाई ने दम तोड़ दिया।

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अस्पताल पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here