चार संदिग्ध हिरासत में, आंध्र प्रदेश से महाराष्ट्र जा रहा था ट्रक, लोहे के सामान के नीचे छिपाई थी खेप

रायपुर। राजधानी रायपुर में डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ट्रकों से करीब 700 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

DRI को सूचना मिली थी कि दो ट्रकों के जरिए बड़ी मात्रा में गांजा दूसरे राज्य ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने पुराने धमतरी रोड पर निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान आंध्र प्रदेश नंबर वाले दो संदिग्ध ट्रक नजर आए। टीम ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ट्रकों में ऊपर से लोहा लदा मिला, लेकिन उसके नीचे गांजा छिपाकर रखा गया था। बाहर से देखने पर दोनों वाहन सामान्य मालवाहक ट्रकों की तरह ही नजर आ रहे थे। इसी आड़ में मादक पदार्थ की खेप को एक राज्य से दूसरे राज्य ले जाने की कोशिश की जा रही थी।

आंध्र प्रदेश से महाराष्ट्र जा रही थी खेप

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप आंध्र प्रदेश से महाराष्ट्र ले जाई जा रही थी। DRI ने दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया है। हिरासत में लिए गए चारों लोगों से पूछताछ जारी है।

जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि आंध्र प्रदेश में गांजे की खेप कहां से हासिल की गई थी और महाराष्ट्र में इसे किसे पहुंचाया जाना था। अधिकारियों को आशंका है कि इस मामले के पीछे एक बड़ा अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।

पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश

DRI की जांच अब केवल जब्त गांजे और ट्रकों तक सीमित नहीं है। पूछताछ के जरिए तस्करी से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई चैन और संभावित खरीदारों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here