भंडारा/रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में रायपुर के आठ लोगों की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 4 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर लाखनी तहसील के मानेगांव और पिंपलगांव के बीच हुआ। यहां रायपुर से नागपुर जा रही बोलेरो की सामने से आ रहे आइशर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो में सवार पांच वयस्कों और तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को बाहर निकाला।

रायपुर से नागपुर जा रहे थे सभी लोग

पुलिस के अनुसार, बोलेरो सवार सभी लोग रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे। हादसा पिंपलगांव के पास हाईवे पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टक्कर के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतकों की पहचान और हादसे की अन्य औपचारिकताएं शुरू कीं।

कुछ अधिकारियों के अनुसार, वाहन के ट्रक से टकराने के बाद राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किल आई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

महाराष्ट्र में दो हादसों में 14 मौतें

इसी दिन महाराष्ट्र के नांदेड जिले में भी एक अलग सड़क हादसा हुआ। नांदेड-भोकर मार्ग के सिताखंडी घाट पर टाटा मैजिक और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए।

इस तरह भंडारा और नांदेड में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 14 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

भंडारा में हुए हादसे के कारणों की जांच हाईवे पुलिस कर रही है। दुर्घटना की परिस्थितियों और दोनों वाहनों की गति समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here