ED ने छह दिन की रिमांड पर लिया, पूर्व CM भूपेश बघेल के OSD रह चुके हैं चेतन बोरघरिया
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की 2021-22 की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बलरामपुर-रामानुजगंज के अतिरिक्त कलेक्टर चेतन बोरघरिया को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को गिरफ्तारी के बाद उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से ED को पूछताछ के लिए छह दिन की कस्टडी मिल गई।
1 सितंबर को हुई थी कार्रवाई
ED ने इससे पहले 1 सितंबर को धमतरी और बलरामपुर में कार्रवाई की थी। इसी दौरान धमतरी के अमलतास पुरम स्थित बोरघरिया के आवास पर भी टीम ने छापेमारी की थी। इसके बाद उन्हें बलरामपुर सर्किट हाउस में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। बताया गया कि इसके बाद से वे कार्यालय नहीं पहुंच रहे थे।
शुक्रवार को ED ने उन्हें पूछताछ के लिए अपने जोनल कार्यालय में तलब किया था। पूछताछ के बाद एजेंसी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
CGPSC मामले के आरोपी से WhatsApp चैट सामने आने का दावा
अदालत में ED ने बताया कि जांच के दौरान चेतन बोरघरिया और CGPSC मामले में आरोपी उत्कर्ष चंद्राकर के बीच हुई WhatsApp चैट सामने आई है। इन्हीं चैट और अन्य जांच बिंदुओं के आधार पर ED ने बोरघरिया से विस्तृत पूछताछ के लिए रिमांड की मांग की थी। अदालत ने छह दिन की ED कस्टडी मंजूर कर दी।
अब एजेंसी उनसे CGPSC भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं और मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन के संबंध में पूछताछ करेगी।
2019 से 2022 तक रहे थे पूर्व मुख्यमंत्री के OSD
चेतन बोरघरिया पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यालय में OSD (Officer on Special Duty) के रूप में भी काम कर चुके हैं। वे वर्ष 2019 से 2022 तक तत्कालीन मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े रहे थे।
उत्कर्ष चंद्राकर को भेजा जा चुका है न्यायिक हिरासत में
CGPSC मामले में आरोपी कोचिंग सेंटर संचालक उत्कर्ष चंद्राकर को भी करीब छह दिन पहले ED ने अदालत में पेश किया था। उस समय एजेंसी ने उसकी रिमांड बढ़ाने की मांग नहीं की थी। सुनवाई के बाद अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था।
बोरघरिया की गिरफ्तारी के बाद CGPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। ED इस मामले में सामने आए संपर्कों और कथित वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को खंगाल सकती है।














