दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई घटना, कांच टूटने के बाद सिर पर लगा पत्थर; पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही
कोरबा। कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र में चलती मालगाड़ी पर पथराव का मामला सामने आया है। रेलवे क्रॉसिंग के पास अज्ञात लोगों द्वारा किए गए पथराव में लोको पायलट सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्थर सीधे उनके सिर पर लगा, जिससे खून निकलने लगा। घटना के बाद मालगाड़ी को तत्काल रोकना पड़ा।
गेेवरा खदान की ओर जा रही थी मालगाड़ी
जानकारी के अनुसार, कोरबा रेलवे कॉलोनी निवासी लोको पायलट सुनील कुमार मालगाड़ी लेकर कोयला लोड कराने गेेवरा खदान की ओर जा रहे थे। दीपका रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचते ही कुछ अज्ञात लोगों ने इंजन पर पत्थर बरसाना शुरू कर दिया।
पथराव इतना तेज था कि इंजन के दरवाजे का कांच टूट गया। इसी दौरान एक पत्थर लोको पायलट के सिर पर जा लगा। चोट लगने से उनके सिर से खून बहने लगा और उन्हें तत्काल ट्रेन रोकनी पड़ी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारी
सुनील कुमार ने घटना की जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल लोको पायलट को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
पथराव के कारण मालगाड़ी काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे रेल परिचालन भी प्रभावित हुआ। रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
घटना के बाद दीपका पुलिस रेलवे क्रॉसिंग के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में केस दर्ज कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है।
रेलवे कर्मचारियों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना को लेकर रेलवे कर्मचारियों में नाराजगी है। कर्मचारियों का कहना है कि चलती ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। इससे लोको पायलट, ट्रेन स्टाफ और यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है।
रेलवे कर्मचारियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।














