खनन और तकनीकी कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए नियमित व संविदा कर्मी सम्मानित

बिलासपुर। विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) मुख्यालय बिलासपुर में दूसरे ‘SECL विश्वकर्मा पुरस्कार’ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खनन और परिचालन गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 75 नियमित एवं संविदा कर्मियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में SECL के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (तकनीकी/संचालन) रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) के अतिरिक्त प्रभार वाले नरेंद्र नाथ सहित स्टीयरिंग कमेटी, वेलफेयर बोर्ड, सेफ्टी कमेटी, ट्रेड यूनियन, CISTEA, OBC, SC/ST तथा अन्य संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कौशल और मेहनत को सम्मान

पुरस्कार समारोह में खदानों में संचालन, रखरखाव, पर्यवेक्षण और अन्य तकनीकी गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। SECL ने कहा कि विश्वकर्मा पुरस्कार के माध्यम से कंपनी अपने अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों के योगदान को पहचानने और प्रोत्साहित करने का प्रयास कर रही है।

निदेशक (HR) बिरंची दास ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और कर्म के प्रति समर्पण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि खनन क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारी अपने कौशल, परिश्रम और प्रतिबद्धता से देश की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर कर्मियों का सम्मान उनके योगदान के प्रति सम्मान और आभार का प्रतीक है।

कोयला कर्मियों के लिए केंद्रीय मंत्री का संदेश

कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी का कोयला कर्मियों के नाम संदेश भी पढ़कर सुनाया गया। संदेश में देश की ऊर्जा सुरक्षा और विकास में कोयला कर्मियों के योगदान को रेखांकित करते हुए उनके परिश्रम और समर्पण की सराहना की गई।

स्वच्छता कर्मियों का भी सम्मान

‘स्वच्छता ही सेवा’ और विशेष अभियान 6.0 के तहत SECL में कार्यरत स्वच्छता कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। ये कर्मचारी कार्यालयों और कार्यस्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में योगदान देते हैं।

समारोह में कार्यस्थलों पर स्वच्छता को दैनिक कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। विशेष अभियान 6.0 के तहत SECL मुख्यालय और विभिन्न संचालन क्षेत्रों में स्वच्छता, लंबित मामलों के निपटारे, स्थान के बेहतर उपयोग, अभिलेख प्रबंधन और ई-कचरे के प्रभावी प्रबंधन जैसी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here