भरारी के शासकीय प्राथमिक स्कूल तेलियापारा का वीडियो वायरल, अभिभावकों में नाराजगी; डीईओ ने जांच के दिए निर्देश

बिलासपुर। तखतपुर क्षेत्र के भरारी स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल तेलियापारा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्कूल की व्यवस्था और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो में छोटे बच्चे पानी से भरी भारी बाल्टियां उठाने और खींचने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी है।

वायरल वीडियो में प्राथमिक कक्षा के छोटे बच्चे 15 से 20 लीटर क्षमता वाली बाल्टियों में पानी भरकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। बाल्टी का वजन बच्चों की क्षमता से अधिक होने के कारण वे उसे उठा नहीं पा रहे हैं। इसके बाद कुछ बच्चे भारी बाल्टी को जमीन पर घसीटते हुए ले जाते नजर आ रहे हैं।

पढ़ाई की उम्र में भारी काम कराने का आरोप

स्कूल में जहां बच्चों के हाथों में किताब-कॉपी और पेन होने चाहिए, वहां उनसे इस तरह का शारीरिक काम कराए जाने के आरोप ने व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर बच्चों से श्रम कराने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के साथ बाल अधिकारों से जुड़े लोगों में भी इस घटना को लेकर चिंता सामने आई है।

हालांकि, बच्चों को पानी ढोने के लिए किसने कहा था, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

डीईओ ने दिए संयुक्त जांच के निर्देश

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडेय ने क्लस्टर प्राचार्य और क्लस्टर समन्वयक को संयुक्त जांच के निर्देश दिए हैं। डीईओ ने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चों से पानी की बाल्टियां कौन उठवा रहा था। जांच के बाद ही पूरी स्थिति सामने आएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here