रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू को पत्र भेजकर दी स्वीकृति की जानकारी

बिलासपुर। बिलासपुर रेल क्षेत्र में अधोसंरचना विस्तार की दिशा में दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद तोखन साहू को पत्र भेजकर बिलासपुर (उसलापुर)-पेंड्रा रोड तीसरी रेल लाइन और कटनी-पेंड्रा रोड चौथी रेल लाइन को स्वीकृति दिए जाने की जानकारी दी है।

इन परियोजनाओं की मंजूरी के बाद बिलासपुर क्षेत्र में रेल क्षमता बढ़ाने और कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में काम आगे बढ़ेगा।

कई रेल परियोजनाओं से बढ़ेगी क्षमता

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के विस्तार का काम लगातार आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि नई स्वीकृत रेल लाइनों के साथ पेंड्रा रोड-अनूपपुर तीसरी लाइन, बिलासपुर-उरकुरा तीसरी लाइन और सलका रोड-खोंगसरा रेल लाइन दोहरीकरण जैसी परियोजनाएं भी क्षेत्र की रेल क्षमता और कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी।

नई रेल लाइनों के निर्माण से इस क्षेत्र के रेल नेटवर्क पर बढ़ते यातायात को संभालने में मदद मिलने और भविष्य में यात्री एवं माल परिवहन की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here