मकान नवीनीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में रकम मांगने का आरोप, सामान्य सभा के दौरान निगम में मचा हड़कंप
बिलासपुर। नगर निगम बिलासपुर की संपदा शाखा में शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई करते हुए एक क्लर्क को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान लक्ष्मीकांत कोका के रूप में हुई है। उस पर राजकिशोर नगर निवासी एक व्यक्ति से मकान के नवीनीकरण संबंधी काम आगे बढ़ाने के बदले रकम मांगने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, राजकिशोर नगर निवासी अजीत शुक्ला अपने मकान से जुड़े नवीनीकरण कार्य के लिए नगर निगम की संपदा शाखा में संपर्क कर रहे थे। आरोप है कि संबंधित प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए क्लर्क ने उनसे 10 हजार रुपये की मांग की। कई बार निगम कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद भी काम आगे नहीं बढ़ने पर शिकायतकर्ता ने ACB से संपर्क किया।
शिकायत के सत्यापन के बाद बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने रिश्वत लेते कर्मचारी को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता शुक्रवार को 10 हजार रुपये लेकर निगम की संपदा शाखा पहुंचा।
आरोप है कि जैसे ही क्लर्क लक्ष्मीकांत कोका ने रकम स्वीकार की, पहले से तैनात ACB टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और मामले से जुड़े दस्तावेज व अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
सामान्य सभा के बीच पहुंची ACB टीम
ACB की कार्रवाई ऐसे समय हुई, जब नगर निगम में सामान्य सभा की बैठक चल रही थी। निगम परिसर में ACB टीम की मौजूदगी और क्लर्क के पकड़े जाने की खबर फैलते ही अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हलचल मच गई। सामान्य सभा के दौरान हुई इस कार्रवाई की निगम कार्यालय में काफी देर तक चर्चा होती रही।














