सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य शिविर लगा, स्कूली बच्चों ने निकाली स्वच्छता जागरूकता वॉकथॉन

बिलासपुर। स्वच्छता ही सेवा 2026 और विशेष अभियान 6 के तहत साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में बुधवार को ‘अपनी चौखट, अपना कचरा’ विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को घर, कार्यस्थल और आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने तथा कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए जागरूक किया गया।

नुक्कड़ नाटक में बताया गया कि स्वच्छता की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति से होती है। रोजमर्रा की आदतों में छोटे बदलाव लाकर अपने आसपास के वातावरण को साफ रखा जा सकता है। लोगों से खुले में कचरा नहीं फेंकने और कचरे का उचित तरीके से निपटारा करने की अपील की गई।

सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य शिविर

अभियान के तहत वसंत विहार स्थित पिंक डिस्पेंसरी में सफाई मित्रों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें स्वच्छता कार्यों से जुड़े कर्मचारियों का चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी।

शिविर का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था में योगदान देने वाले सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

स्कूली बच्चों ने निकाली स्वच्छता वॉकथॉन

डीएवी पब्लिक स्कूल, एसईसीएल वसंत विहार में स्वच्छता जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इसमें स्कूली बच्चों ने भाग लेकर स्वच्छता और स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया। बच्चों ने लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने के लिए जागरूक किया।

एसईसीएल में स्वच्छता ही सेवा 2026 का आयोजन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक किया जा रहा है। वहीं विशेष अभियान 6 का मुख्य क्रियान्वयन चरण 2 से 31 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत स्वच्छता के साथ सफाई मित्रों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा और बच्चों की भागीदारी पर भी जोर दिया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here