रायपुर में देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक नशामुक्ति जागरूकता पदयात्रा 

रायपुर। राजधानी रायपुर में नशामुक्त समाज का संदेश देने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को देवेंद्र नगर चौक से लाल चौक तक आयोजित नशामुक्ति जागरूकता पदयात्रा में हिस्सा लिया। पदयात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने भाग लिया। लाल चौक पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नशामुक्त और स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा। नशे का दुष्प्रभाव केवल उसे करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोगों को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना चाहिए।

युवा राज्य की सबसे बड़ी ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा किसी भी राज्य की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। स्वस्थ, शिक्षित और कुशल युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएंगे तो राज्य तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ का हर युवा अपनी प्रतिभा और क्षमता का उपयोग परिवार, समाज और राज्य की प्रगति में करे। आधुनिक और उभरते क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए नई औद्योगिक नीति लाई गई है। सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में निवेश से युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक नशामुक्ति जागरूकता अभियान

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर से महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक ‘नशामुक्ति जागरूकता मार्च सप्ताह’ आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने संयम, स्वच्छता और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया था। ऐसे में नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन सकता है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में सेवा को प्राथमिकता दी है। उनके गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 7 अक्टूबर 2001 को कार्यभार संभालने से शुरू हुई शासन यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा से जुड़े इन कार्यक्रमों में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भी उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के तहत प्रदेशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने के लिए भी विभिन्न कार्यक्रम किए जा रहे हैं।

गुजरात के वडनगर से रवाना हुए बाइक सवारों के रायपुर पहुंचने पर स्वागत किया गया। इस यात्रा में बस्तर के युवाओं ने भी भाग लिया।

बस्तर में विकास के साथ युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद की समस्या से प्रभावित रहा, जिससे वहां विकास की गति प्रभावित हुई। अब क्षेत्र में शांति और विकास के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और रोजगार के अवसर बढ़ाने का काम किया जा रहा है। युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

27 वर्षों से सामाजिक मुद्दों पर पदयात्रा

मुख्यमंत्री ने विधायक पुरंदर मिश्रा की पिछले 27 वर्षों से नशामुक्ति, पौधरोपण और स्वच्छता जैसे सामाजिक मुद्दों को लेकर पदयात्राएं आयोजित करने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामाजिक बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। किसी अभियान को व्यापक और स्थायी परिणाम तभी मिलते हैं जब वह जनभागीदारी से आंदोलन का रूप ले।

उन्होंने कहा कि इन पदयात्राओं से प्रेरित होकर अब तक हजारों लोगों ने नशा छोड़ने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नशामुक्ति पदयात्रा सप्ताह भी लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद करेगा और विशेष रूप से युवाओं को स्वस्थ एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन के लिए प्रेरित करेगा।

मुख्यमंत्री ने पदयात्रा में शामिल विद्यार्थियों और युवाओं से नशामुक्ति का संदेश अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा, स्वस्थ परिवार और जागरूक समाज मिलकर स्वस्थ, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण कर सकते हैं।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, राज्य हेयर स्टाइलिस्ट वेलफेयर बोर्ड के अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू सहित जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, युवा, महिलाएं और नागरिक मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here