बिलासपुर से प्रयागराज के लिए हफ्ते में एक दिन उड़ान, रायपुर को दिल्ली और हैदराबाद की नई सेवाएं मिलने पर संघर्ष समिति ने उठाए सवाल
बिलासपुर। बिलासपुर से कोलकाता की फ्लाइट आखिरकार जनता के दबाव और लगातार विरोध के बाद बहाल हो गई है। बिलासपुर-प्रयागराज उड़ान भी हफ्ते में एक दिन जारी रहेगी। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से नई उड़ानों के मामले में बिलासपुर को फिर निराशा हाथ लगी है। दिल्ली और हैदराबाद के लिए तीन नई उड़ानों की सुविधा रायपुर को देने के फैसले पर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने सवाल उठाए हैं।
कोलकाता के लिए हफ्ते में दो दिन उड़ान
बिलासपुर से कोलकाता के बीच सीधी उड़ान अब हफ्ते में दो दिन उपलब्ध होगी। हालांकि, पहले सुबह होने वाली उड़ान का समय बदलकर दोपहर कर दिया गया है। प्रयागराज के लिए फ्लाइट सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। समिति का कहना है कि लगातार मांग और आंदोलन के कारण कोलकाता सेवा बहाल हो सकी है।
रायपुर को पहले से सुविधा, फिर भी नई उड़ानें वहीं
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने कहा कि रायपुर से दिल्ली के लिए पहले ही रोज छह और हैदराबाद के लिए तीन उड़ानें उपलब्ध हैं। इंडिगो, एयर इंडिया और स्टार एयर जैसी कंपनियां भी रायपुर से सेवाएं दे रही हैं। इसके बावजूद राज्य सरकार की सिफारिश और सब्सिडी के आधार पर एलायंस एयर को रायपुर से रीवा होते हुए दिल्ली और रायपुर से जगदलपुर होते हुए हैदराबाद के लिए नई उड़ानें दी गई हैं। दोनों सेवाएं हफ्ते में तीन दिन चलेंगी।
इसके उलट, बिलासपुर में एलायंस एयर ही एकमात्र विमान सेवा उपलब्ध करा रही है। समिति का तर्क है कि विमानों की कमी से जूझ रही कंपनी के सीमित संसाधनों को रायपुर की ओर मोड़ने से बिलासपुर की कनेक्टिविटी प्रभावित होगी।
अफसरशाही के फैसलों पर सवाल
समिति ने आरोप लगाया कि राज्य की अफसरशाही दूरगामी जरूरतों को ध्यान में रखे बिना फैसले ले रही है और इसका नुकसान बिलासपुर को उठाना पड़ रहा है। समिति के मुताबिक, जब रायपुर में पहले से कई विमान सेवाएं उपलब्ध हैं, तब नई उड़ानों के लिए बिलासपुर की जरूरतों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए थी।
उड़ानों के रूट बदलने की मांग
समिति ने मांग की है कि अंबिकापुर-रायपुर-जगदलपुर-हैदराबाद सेवा को बदलकर अंबिकापुर-बिलासपुर-जगदलपुर-हैदराबाद किया जाए। इसी तरह रायपुर-रीवा-दिल्ली उड़ान के बजाय बिलासपुर-रीवा-दिल्ली सेवा शुरू करने की मांग की गई है।
समिति का कहना है कि नई उड़ानों का इस्तेमाल उन शहरों की कनेक्टिविटी मजबूत करने में होना चाहिए, जहां विकल्प सीमित हैं। बिलासपुर में कोलकाता की उड़ान बहाल होना राहत जरूर है, लेकिन नई सेवाओं के मामले में शहर को लगातार नजरअंदाज किया जाना बड़ा सवाल बना हुआ है।













