खुद को बताया ‘केमिकल एक्सपर्ट’, खास रसायन से असली करेंसी बनाने का किया दावा; GPM पुलिस ने लोगों को किया सतर्क

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। काले कागज को खास रसायन की मदद से असली भारतीय नोट में बदलने का झांसा देकर ठगी करने का एक नया तरीका सामने आया है। ठग ने खुद को ‘केमिकल एक्सपर्ट’ बताकर एक व्यक्ति से 50 हजार रुपये ऐंठने की कोशिश की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र निवासी साहिल कुमार से एक अज्ञात व्यक्ति ने संपर्क किया। उसने दावा किया कि उसके पास ऐसी विशेष रासायनिक प्रक्रिया है, जिससे काले कागज को असली भारतीय करेंसी में बदला जा सकता है। इसके लिए आरोपी ने साहिल कुमार से 50 हजार रुपये लेने की कोशिश की।

मामले की शिकायत मिलने पर नवागढ़ थाने में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) और 61(2) के तहत प्रकरण कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जल्दी पैसा कमाने के लालच को बनाते हैं हथियार

GPM पुलिस के अनुसार, ठगी करने वाले लोग अक्सर लोगों को जल्दी पैसा कमाने का लालच देकर अपने जाल में फंसाते हैं। कभी नकली नोट को असली बनाने, कभी काले कागज से करेंसी तैयार करने तो कभी किसी विशेष केमिकल या मशीन से पैसा बनाने का दावा किया जाता है।

शुरुआत में ठग भरोसा जीतने की कोशिश करते हैं। इसके बाद केमिकल, मशीन, प्रोसेसिंग या अन्य खर्च के नाम पर रकम की मांग की जाती है। कई बार इसी बहाने पीड़ित से लगातार पैसे ऐंठे जाते हैं।

पुलिस की अपील- लालच में किसी अनजान व्यक्ति को पैसा न दें

GPM पुलिस ने लोगों से अपील की है कि काले कागज, केमिकल, मशीन या किसी विशेष प्रक्रिया से असली नोट बनाने का दावा करने वाले व्यक्ति पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति को जल्दी पैसा कमाने के लालच में अपनी रकम न सौंपें।

पुलिस ने यह भी कहा है कि संदिग्ध लोगों के साथ बैंक खाता, OTP, PIN, ATM या डेबिट कार्ड की जानकारी साझा न करें। ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या संबंधित पुलिस अधिकारी को सूचना दें।

यदि किसी व्यक्ति के साथ इस तरह की ठगी हो जाती है तो वह बिना देरी किए पुलिस को सूचना दे, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here