रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा जारी सब-इंस्पेक्टर (SI), सूबेदार और प्लाटून कमांडर भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में कुछ उम्मीदवारों के नामों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस ने इन नामों के आधार पर भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं, जबकि CGPSC ने सफाई दी है कि परिणाम में दिखाई देने वाले सभी नाम उम्मीदवारों द्वारा ऑनलाइन आवेदन के दौरान स्वयं दर्ज किए गए थे और पूरी प्रक्रिया इन्हीं नामों के आधार पर संपन्न हुई है।

सोशल मीडिया पर परिणाम सूची के स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहे हैं। इनमें ‘NEWS’, ‘SPACERANI’ और ‘MANBAS’ जैसे नाम चर्चा का विषय बने हुए हैं। इन नामों को लेकर तरह-तरह की टिप्पणियां और वीडियो भी साझा किए जा रहे हैं।

भूपेश बघेल का तंज, कांग्रेस ने जांच की मांग की

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच X पर पोस्ट करते हुए ‘NEWS’ और ‘SPACE RANI’ नाम के अभ्यर्थियों को बधाई दी। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में लिखा कि महतारी वंदन योजना में ‘सनी लियोनी’ को लाभ मिलने के बाद यह विष्णुदेव साय सरकार की एक और अभूतपूर्व उपलब्धि है।

कांग्रेस का कहना है कि चयन सूची में इस प्रकार के नाम सामने आने से भर्ती प्रक्रिया पर संदेह उत्पन्न हुआ है। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हो सकेगी।

आयोग ने बताया- भ्रामक है सोशल मीडिया का दावा

विवाद बढ़ने के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को भ्रामक और निराधार बताया।

आयोग के अनुसार, ‘NEWS’, ‘SPACERANI’, ‘HE RAM’, ‘BHAKT PRAHLAD’ और ‘TUFAIL’ जैसे नाम किसी त्रुटि का परिणाम नहीं हैं। ये वही नाम हैं जिन्हें संबंधित उम्मीदवारों ने ऑनलाइन आवेदन पत्र भरते समय दर्ज किया था और अंतिम रूप से सबमिट किया था।

आयोग ने स्पष्ट किया कि दस्तावेज सत्यापन, शारीरिक मापदंड परीक्षा (PST) और प्रारंभिक लिखित परीक्षा की पूरी प्रक्रिया इन्हीं नामों के आधार पर पूरी की गई। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्रों पर भी यही नाम अंकित थे।

341 पदों के लिए हुई थी परीक्षा

CGPSC ने 4 अगस्त को गृह (पुलिस) विभाग के अंतर्गत 341 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया था। इस परीक्षा में 7,301 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जिन्हें मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है।

प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई 2026 को राज्य के सभी 33 जिलों में स्थापित 183 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी।

अक्टूबर में होगी मुख्य परीक्षा

आयोग के अनुसार, मुख्य परीक्षा प्रस्तावित रूप से 24, 25 और 26 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

अफवाहों से बचने की अपील

CGPSC के अवर सचिव ने अभ्यर्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही किसी भी अपुष्ट या भ्रामक जानकारी पर विश्वास न करें। आयोग ने कहा कि भर्ती से जुड़ी अधिकृत जानकारी केवल CGPSC की आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त की जानी चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here