मधु सिदार और गीता यादव चीन में होने वाले जूनियर एशिया कप में देश का करेंगी प्रतिनिधित्व, खेलो इंडिया सेंटर बिलासपुर में ले रहीं प्रशिक्षण
बिलासपुर, 6 अगस्त। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गुरुवार को बड़ी खुशखबरी सामने आई। बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की दो प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले जूनियर एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
दोनों खिलाड़ी राज्य की पहली आवासीय खेल अकादमी में सीनियर कोच राकेश टोप्पो और हेड कोच अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके चयन से न केवल बिलासपुर, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है।
जशपुर की मिट्टी से निकली प्रतिभा
जशपुर जिले के कांसाबेल क्षेत्र के छोटे से गांव पोंगरो की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से आती हैं। हॉकी प्रतिभाओं की धरती माने जाने वाले इस क्षेत्र से निकलकर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई है।
मदु ने वर्ष 2024-25 में सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप और स्कूल नेशनल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसके अलावा वर्ष 2025 में हरियाणा में आयोजित सब-जूनियर इंटर-जोन चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया। अगस्त 2025 में आंध्र प्रदेश में हुई हॉकी इंडिया नेशनल चैंपियनशिप में उनकी टीम चौथे स्थान पर रही। इसी वर्ष मार्च-अप्रैल में छत्तीसगढ़ में आयोजित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भी उन्होंने भाग लिया। अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर टीम के प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा हैं।
अंतरराष्ट्रीय अनुभव के साथ मैदान में उतरेंगी गीता
कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी की शुरुआती बारीकियां कोच शिवा चौहान से सीखीं। उन्होंने वर्ष 2024 में भारतीय टीम के साथ नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की।
इसके बाद वर्ष 2025 में अर्जेंटीना दौरे और वर्ष 2026 में इंग्लैंड तथा स्कॉटलैंड दौरे के लिए भी उनका चयन हुआ। लगातार अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने वाली गीता अब जूनियर एशिया कप में भारतीय टीम की अहम खिलाड़ी होंगी।
वीडियो कॉल पर दी बधाई
उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने वीडियो कॉल के माध्यम से दोनों खिलाड़ियों से बातचीत कर उन्हें भारतीय टीम में चयन के लिए बधाई दी। उन्होंने जूनियर एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनकी तैयारियों की जानकारी भी ली।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार तथा संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
छत्तीसगढ़ की इन दोनों बेटियों का भारतीय टीम में चयन राज्य में विकसित हो रही खेल प्रतिभाओं और बिलासपुर के खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की गुणवत्ता का महत्वपूर्ण प्रमाण माना जा रहा है।














