नागपुर से गिरफ्तार हुआ आरोपी; एक सप्ताह में जिले की तीसरी हत्या से दहशत
कोरबा। कोरबा जिले में जन्मदिन की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं। एक रिसॉर्ट में आयोजित बर्थडे पार्टी के दौरान दोस्तों के बीच मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने अपने ही दोस्त को कैंपर वाहन से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसका पीछा करते हुए नागपुर से गिरफ्तार कर लिया।
घटना उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल स्थित मीरा रिसॉर्ट की है। दीपका निवासी विकास सिंह हूड़ा के जन्मदिन पर शुक्रवार रात पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में 10 से 12 दोस्त शामिल हुए थे। देर रात तक खाने-पीने और जश्न का दौर चलता रहा।
गिलास तोड़ने से शुरू हुआ विवाद
बताया गया कि पार्टी के दौरान कुछ युवक रिसॉर्ट के स्विमिंग पूल में थे, जबकि दीपका निवासी तुषार धंधा पूल के पास बैठा था। नशे की हालत में वह कांच के गिलास तोड़ने लगा। इस पर उज्ज्वल कुमार सिंह (36) और अन्य दोस्तों ने उसे ऐसा करने से रोका। इसी बात पर तुषार नाराज हो गया और उज्ज्वल से उसकी कहासुनी हो गई।
दोस्तों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन जाते-जाते तुषार ने उज्ज्वल को धमकी दी और रिसॉर्ट से बाहर निकल गया।
पार्टी खत्म होते ही कुचल दिया
रात करीब साढ़े 11 बजे जब सभी दोस्त पार्टी खत्म कर बाहर निकले, तब तुषार अपने एक साथी के साथ कैंपर वाहन (सीजी 12 बीएन 8084) में बैठा मिला। अचानक उसने तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हुए सीधे उज्ज्वल को टक्कर मार दी। वाहन की चपेट में आने से उज्ज्वल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मौजूद दोस्तों ने घायल उज्ज्वल को टीपी नगर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
नागपुर तक पीछा कर दबोचा आरोपी
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर रिसॉर्ट संचालक को आवश्यक निर्देश दिए गए और शनिवार सुबह अस्पताल पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
सूत्रों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी कैंपर वाहन से दूसरे राज्य भागने की फिराक में था। पुलिस ने लगातार पीछा करते हुए उसे नागपुर में गिरफ्तार कर लिया। अब उसे कोरबा लाया जा रहा है।
एक सप्ताह में तीसरी हत्या, बढ़ी चिंता
जिले में एक सप्ताह के भीतर हत्या की यह तीसरी घटना है। लगातार हो रही हत्या, लूट, चोरी और मारपीट जैसी वारदातों से लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधों पर समय रहते प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो जिले का शांत वातावरण प्रभावित हो सकता है।
नशे को माना जा रहा बड़ी वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात के समय पार्टी में शराब परोसी जा रही थी। जानकारी के अनुसार, मीरा रिसॉर्ट के पास शराब परोसने का वैध लाइसेंस नहीं है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। जिले में हाल के अधिकांश हत्या के मामलों में नशे की भूमिका सामने आने के कारण इसे बढ़ते अपराधों का प्रमुख कारण माना जा रहा है।














