मुख्यमंत्री साय ने किया उद्घाटन, टाउन हॉल और शहीद स्मारक के लिए 50-50 लाख रुपये की घोषणा
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर के ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग की ओर से आयोजित सात दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, वीर सेनानियों के बलिदान, ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्ष की यात्रा और प्रदेश के विकास की तस्वीर को एक साथ प्रस्तुत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया। यहां दुर्लभ तस्वीरों, ऐतिहासिक दस्तावेजों और जानकारीपरक सामग्री के माध्यम से छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता आंदोलन की गाथा दिखाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया और सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी वीरता और देशभक्ति की कहानियां नई पीढ़ी तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी केवल इतिहास को सहेजने का माध्यम नहीं, बल्कि विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प मजबूत करने का अवसर भी है।
‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्ष की यात्रा
प्रदर्शनी में ‘वंदे मातरम्’ को विशेष स्थान दिया गया है। ऐतिहासिक तस्वीरों और संदर्भों के जरिए बताया गया है कि किस तरह यह गीत स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय चेतना और एकता की प्रभावशाली आवाज बना। इसके साथ ही महात्मा गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे तथा ब्रिटिश शासन के खिलाफ हुए विभिन्न आंदोलनों को भी प्रदर्शित किया गया है।
टाउन हॉल और शहीद स्मारक के लिए 50-50 लाख
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक टाउन हॉल और शहीद स्मारक के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और जीर्णोद्धार के लिए 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहीद स्मारक बलिदान की स्मृतियों को संजोए हुए है, जबकि टाउन हॉल रायपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
प्रदर्शनी में महतारी वंदन योजना, कृषक उन्नति योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, डिजिटल सुशासन, अधोसंरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश में आए बदलाव को भी दिखाया गया है।
युवाओं को विरासत से जोड़ रहा AI
प्रदर्शनी का AI आधारित फोटो केंद्र बच्चों और युवाओं के आकर्षण का केंद्र बना है। इसके जरिए लोग छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन, धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की पृष्ठभूमि में अपनी डिजिटल तस्वीर बनवा सकते हैं। आगंतुकों के लिए विचार पुस्तिका भी रखी गई है। साथ ही प्रदेश की उपलब्धियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं और विद्यार्थियों से प्रदर्शनी देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि इतिहास और विरासत को समझने वाला समाज अपने वर्तमान दायित्वों के प्रति अधिक सजग होकर बेहतर भविष्य का निर्माण करता है।
प्रदर्शनी 15 से 21 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 8 बजे तक टाउन हॉल, कचहरी चौक, रायपुर में आम लोगों के लिए खुली रहेगी।














