बिलासपुर। यात्रियों की सुविधा और रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रेलवे ने दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के घाटशिला स्टेशन पर दो प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की घोषणा की है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर चलने वाली गीतांजलि एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस अब 11 सितंबर 2026 से घाटशिला स्टेशन पर रुकेंगी। यह सुविधा अगले आदेश तक जारी रहेगी।
रेलवे के इस निर्णय से घाटशिला और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मुंबई-हावड़ा और पुणे-हावड़ा मार्ग पर चलने वाली इन ट्रेनों के यहां ठहराव से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त साधनों पर निर्भरता कम होगी।
गीतांजलि एक्सप्रेस का यह रहेगा समय
ट्रेन संख्या 12859 CSMT-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस 11 सितंबर से घाटशिला स्टेशन पर रुकेगी। यह ट्रेन सुबह 9.44 बजे घाटशिला पहुंचेगी और एक मिनट के ठहराव के बाद 9.45 बजे रवाना होगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 12860 हावड़ा-CSMT गीतांजलि एक्सप्रेस शाम 4.31 बजे घाटशिला पहुंचेगी और 4.32 बजे आगे के लिए रवाना होगी।
आजाद हिंद एक्सप्रेस भी एक मिनट रुकेगी
ट्रेन संख्या 12129 पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस रात 1.07 बजे घाटशिला पहुंचेगी और एक मिनट रुकने के बाद 1.08 बजे रवाना होगी।
इसी तरह ट्रेन संख्या 12130 हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस रात 12.31 बजे घाटशिला पहुंचेगी और 12.32 बजे रवाना होगी।
स्थानीय यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
रेलवे प्रशासन का मानना है कि दोनों ट्रेनों के ठहराव से घाटशिला क्षेत्र की रेल सुविधा और मजबूत होगी। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका फायदा मिलेगा। महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के लोगों को बेहतर परिवहन विकल्प मिलने के साथ आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होने की उम्मीद है।














