वसंत विहार से शताब्दी नगर तक दौड़े अधिकारी-कर्मचारी, हर साल 100 घंटे श्रमदान का लिया संकल्प
बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे लिमिटेड (SECL) में गांधी जयंती के अवसर पर गुरुवार को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान और ‘स्पेशल कैंपेन 6.0’ के तहत वसंत विहार कॉलोनी से ‘स्वच्छता ही सेवा हैप्पी रन’ का आयोजन किया गया। इसमें SECL के निदेशक कार्मिक बिरंची दास, निदेशक वित्त डी. सुनील कुमार, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों, कर्मचारियों और संविदा कर्मियों ने हिस्सा लिया।
हैप्पी रन वसंत विहार कॉलोनी से शुरू होकर SECL मुख्यालय स्थित नेहरू शताब्दी नगर के गांधी उद्यान में समाप्त हुई।
गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि
गांधी उद्यान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में SECL के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक हरीश दुहान शामिल हुए। बोर्ड के सदस्यों, मुख्य सतर्कता अधिकारी, विभागाध्यक्षों और बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। CMD हरीश दुहान, बोर्ड सदस्यों, मुख्य सतर्कता अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने गांधीजी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान स्वच्छता और जनभागीदारी को लेकर उनके संदेश को याद किया गया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण
इसके बाद गांधी उद्यान परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत पौधरोपण किया गया। यह गतिविधि ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘स्पेशल कैंपेन 6.0’ के तहत आयोजित की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और संविदा कर्मियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और इसके लिए नियमित रूप से समय देने का संकल्प लिया।
हर साल 100 घंटे श्रमदान का संकल्प
स्वच्छता शपथ के दौरान प्रतिभागियों ने हर साल 100 घंटे श्रमदान करने का संकल्प लिया। यह सप्ताह में करीब दो घंटे के स्वैच्छिक योगदान के बराबर है। कार्यक्रम में SECL मुख्यालय के विभिन्न विभागों के प्रमुख, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और संविदा कर्मी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रबंधक (कार्मिक/औद्योगिक संबंध) वरुण शर्मा ने किया।














